भाजपा ने एमसीडी में किया है शानदार काम, केजरीवाल बताएं अपनी पांच उपलब्धियां - रमेश बिधूड़ी

Last Updated 01 Dec 2022 07:06:25 PM IST

दिल्ली से भाजपा के लोक सभा सांसद रमेश बिधूड़ी ने 15 वर्षों के दौरान भ्रष्टाचार मुक्त एमसीडी देने और शानदार काम करने का दावा करते हुए कहा है कि एमसीडी में एक बार फिर भाजपा की जीत होने जा रही है।


दिल्ली से भाजपा के लोक सभा सांसद रमेश बिधूड़ी

आईएएनएस के साथ खास बातचीत करते हुए बिधूड़ी ने भ्रष्टाचार को लेकर केजरीवाल पर हमला बोलते हुए यह आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल की विश्वसनीयता खत्म हो चुकी है और जनता उनकी असलियत जान चुकी है।

सवाल - नगर निगम में लगातार तीन बार भाजपा चुनाव जीत चुकी है। चौथी बार क्या एजेंडा लेकर भाजपा चुनाव में उतरी है ?

जवाब - देखिए, हमारा लक्ष्य दिल्ली को विश्वस्तरीय राजधानी बनाना है। पूरी दुनिया में आज भारत का और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम है। एमसीडी में भाजपा ने काफी काम किया है लेकिन पिछले आठ सालों में केजरीवाल सरकार द्वारा फंड नहीं देने की वजह से कई काम अधूरे रह गए हैं। कूड़ा निस्तारण प्रोजेक्ट के लिए केजरीवाल सरकार ने कभी प्रयास ही नहीं किया। एमसीडी ने अपने छोटे से फंड से इसके निस्तारण का काम शुरू किया, कूड़े से बिजली बनाई जा रही है। दिल्ली को लगातार बेहतर, सुंदर और विश्वस्तरीय राजधानी बनाना हमारा एजेंडा रहा है लेकिन केजरीवाल ने इसमें रोड़े अटकाए, दिल्ली नगर निगम को उसके हक का फंड नहीं दिया। दिल्ली फाइनेंस कमीशन की सिफारिश के बावजूद उन्होंने निगम को फंड नहीं दिया जो निगम का अधिकार था। उनके रवैये को देखते हुए अब मोदी सरकार ने कानून लाकर केंद्र सरकार से सीधे एमसीडी को फंड मिलने की व्यवस्था कर दी है। इस फंड से एमसीडी की गलियों, 60 फुट से कम की छोटी सड़कें, बच्चों के खेलने के पार्क, गरीब बच्चों के लिए चल रहे 900 स्मार्ट क्लासों की व्यवस्था सभी 1600 स्कूलों में करने की व्यवस्था की जाएगी। कूड़ा निस्तारण की बेहतर व्यवस्था की जाएगी। हम दिल्ली के इंफ्रास्ट्रक्च र को और ज्यादा बेहतर बनाने के लिए दिल्ली की जनता से अपील कर रहे हैं कि वो एमसीडी चुनाव में भाजपा को फिर से विजयी बनाएं।

सवाल - लेकिन अरविंद केजरीवाल तो नगर निगम के कामकाज पर ही सवाल उठा रहे हैं ?

जवाब - अरविंद केजरीवाल की कोई विश्वसनीयता नहीं बची है। वह सुबह कुछ बोलते हैं और शाम को कुछ बोलते हैं। उन्हें तो अपने परिवार तक पर भरोसा नहीं है, अगर होता तो अपने बच्चों की कसम खाने के बावजूद कांग्रेस के साथ मिलकर मुख्यमंत्री नहीं बनते। उनके बारे में जनता जान चुकी है। इसलिए उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और गोवा में उनकी जमानतें तक जब्त हो चुकी है।

सवाल - आप के तमाम नेता एमसीडी में लगातार भ्रष्टाचार का आरोप लगा कर भाजपा को घेर रहे हैं ?

जवाब - 15 वर्षों के अंदर, एमसीडी पर एक भी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा है। जबकि केजरीवाल की आठ साल की सरकार में उनके 12 विधायक और मंत्री जेल जा चुके हैं। एक मंत्री अभी भी जेल में है और उपमुख्यमंत्री सिसोदिया जेल जाने वाले हैं।

सवाल - लेकिन आप तो भाजपा सरकार पर जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर उनके नेताओं को जेल भेजने का आरोप लगा रही है ?

जवाब - क्या उन्हें अदालत पर भी भरोसा नहीं है ? सत्येंद्र जैन को अदालत से जमानत नहीं मिल रही है। केजरीवाल बताएं तो सही की आखिर उनको किस पर भरोसा है।

सवाल - केजरीवाल तो यह भी कह रहे हैं कि नगर निगम में 15 साल के कामकाज की उपलब्धियों को गिनाने की बजाय, भाजपा सिर्फ उनपर हमला करने में लगी है ?

जवाब -सच्चाई यह है कि केजरीवाल सिर्फ एमसीडी पर हमला कर रहे हैं। वो अपने कामकाज के बारे में तो बताएं कि उन्होंने जो वादा किया था दिल्ली के वो 20 कॉलेज कहां हैं ? 500 स्कूल का वादा किया था,बताएं कहां बनाएं हैं ? यमुना को साफ कर डुबकी लगाने का वादा किया था लेकिन आज यमुना की क्या हालत है ? केंद्र सरकार ने नमामि गंगे परियोजना से 2400 करोड़ रुपया दिया, उसको डकार गए और यमुना गंदी पड़ी है। वो बताएं कि डीटीसी घाटे में क्यों हैं ? आज तक दिल्ली जल बोर्ड की बैलेंस शीट क्यों नहीं बनी जबकि कैग ने 22 बार पत्र लिखकर ऑडिट के लिए उनसे बैलेंस शीट मांगा है ? हमारे पास नगर निगम में बताने के लिए कई उपलब्धियां हैं, केजरीवाल साहब अपनी दिल्ली सरकार की कोई पांच उपलब्धि तो बताएं।

सवाल - सत्येंद्र जैन के लगातार आ रहे वीडियो पर पलटवार करते हुए केजरीवाल कह रहे हैं कि जनता ने आप लोगों को वीडियो बनाने का काम सौंप दिया है और वो वीडियो भी फ्लॉप हो जा रहा है?

जवाब - वीडियो बनाने की बात तो केजरीवाल ने स्वयं ही कही थी। याद कीजिए, 2013-14 में केजरीवाल ने स्वयं कहा था कि अगर कोई रिश्वत मांगे, गलत काम करे, चोरी करे तो उसकी वीडियो बना लो। अब इनका एक मंत्री राशन कार्ड बनाने के नाम पर महिला का शोषण कर रहा था, उसका वीडियो बन गया तो इसमें भाजपा का क्या दोष है ? शराब घोटले का वीडियो जारी हुआ तो हम क्या करें ? सत्येंद्र जैन की याददाश्त चली गई तो हमारा क्या कसूर, केजरीवाल को अपने अंदर झांक कर देखना चाहिए।

सवाल - लेकिन आम आदमी पार्टी तो दावा कर रही है कि वो गुजरात भी जीत रहे हैं और दिल्ली भी जीत रहे हैं।

जवाब - वो तो उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और गोवा में भी जीत का दावा कर रहे थे, जीतें क्या ? हर जगह जमानत जब्त हुई है। पंजाब में भी उन्होंने भ्रष्टाचारी कांग्रेस को हराया, भाजपा को नहीं।

आईएएनएस
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment