यमुना भी साफ होगी, जनता की प्यास भी बुझेगी : सीएम
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि बुराड़ी स्थित देश के सबसे बड़े कोरोनेशन प्लांट से यमुना साफ होगी और दिल्ली की प्यास भी बुझेगी।
![]() बुधवार को बुराड़ी स्थित कोरोनेशन प्लांट का निरीक्षण करते मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल। साथ में हैं दिजबो के उपाध्यक्ष सौरभ भारद्वाज व अन्य। फोटो : प्रेट्र |
उन्होंने कहा कि यमुना को साफ़ करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध हैं। यह 70 एमजीडी क्षमता का पूरी तरह से ऑटोमैटिक प्लांट है।
उन्होंने कहा कि केंद्र से इस पानी को पीने में इस्तेमाल करने के लिए सकार को अनुमति मिल गई है। अपर यमुना रिवर बोर्ड ने सारे पैरामीटर्स पर जांच की है।
इस दौरान दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष सौरभ भारद्वाज और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को बुराड़ी स्थित कोरोनेशन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण के बाद कहा कि दिल्ली का यह प्लांट शायद देश का सबसे बड़ा प्लांट है।
उन्होंने कहा कि कोरोनेशन एसटीपी से 70 एमजीडी पानी ट्रीट होकर निकल रहा है।
इसको तकनीकी भाषा में 10/10 की शुद्धता कहते हैं। इस पानी को और साफ करेंगे। इसके लिए जहांगीरपुरी ड्रेन के उस तरफ एक और एडवांस ट्रीटमेंट प्लांट लगाएंगे, जहां पर पानी की शुद्धता को 3/4 तक लेकर जाएंगे। इसके बाद 70 एमजीडी पानी पल्ला ले जाएंगे। यहां से होकर पानी यमुना के जरिए हमारे वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में आएगा।
इस तरह लगभग 50 से 60 एमजीडी अतिरिक्त पानी दिल्ली में पीने के लिए भी इस्तेमाल में लाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि यह तकनीक सिंगापुर में इस्तेमाल हो रही है। सिंगापुर में इसको न्यू वाटर कहते हैं। उसी आधार पर दिल्ली में भी इस तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है।
| Tweet![]() |