दिल्ली : लाल किले पर हजारों लोगों ने किया योग
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की यात्रा के 25वें दिन बृहस्पतिवार को मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान की ओर से लाल किला पर कामन योगा प्रोटोकॉल का अभ्यास कराया गया।
![]() मोरारजी देसाई नेशनल इंस्टीट्यूट आफ योगा की ओर से लालकिला के प्रांगण में कराए जा रहे योगाभ्यास में कार्यक्रम में भाग लेते लोग। फोटो : एसएनबी |
साथ ही योगाभ्यास के महत्च व लाभों के बारे में लोगों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय आयुष मंत्री सर्बानंद सोणोवाल, आयुष राज्य मंत्री महेंद्रभाई मुंजपरा मौजूद रहे। इस मौके पर कई योग गुरु , केंद्रीय मंत्री, सांसद व विभिन्न देशों के राजदूतों ने कामन योगा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए योगाभ्यास किया। इससे पहले आयुष सचिव राजेश कोटेचा ने सभी का स्वागत किया।
पीएम के एक सूर्य, एक पृथ्वी अभियान से जुड़ा है योग : लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि योग हमेशा से हमारी संस्कृति व सभ्यता में रहा है। उन्होंने कहा कि योग भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। हमारे उपनिषदों में योग का वर्णन है। महर्षि वेद व्यास ने योग समाधि के बारे में बताया। गीता से लेकर महर्षि पतंजलि ने योग सूत्र और भारत की संस्कृति का दर्शन दिया। केंद्रीय कैबिनेट आयुष मंत्री सर्बानंद सोणोवाल ने कहा कि आज विश्व स्वास्थ्य दिवस है। योग एक ऐसा अभ्यास है जो शरीर और मन के बीच सामंजस्य स्थापित करता है।
यह हमें शारीरिक शक्ति देता है और आधुनिक जीवन की चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना करने के लिए मानिसक संतुलन और भावनात्मक स्थिरता प्रदान करता है। मैं मोदी जी को धन्यवाद देता हूं क्योंकि उनकी मेहनत और प्रयास से ही योग ने आज वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि हमने 75 विरासत स्थलों में योग प्रदर्शन की योजना बनाई है। हमने सूर्य की गति के साथ दुनिया भर में आईडीवाई के कार्यक्रमों को प्रसारित करने की भी योजना बनाई है। यह प्रधानमंत्री मोदी के एक सूर्य, एक पृथ्वी अभियान से जुड़ा हुआ है।
इस देश को योग ऋषि मुनियों ने दिया : परमार्थ निकेतन ऋषिकेश के अध्यक्ष योग गुरु स्वामी चिदानंद सरस्वती ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने योग को जन-जन तक पहुंचाया, जो इस देश को ऋषि मुनियों ने दिया। योग ने सुबह उठना सिखा दिया जोकि अपने आप में बड़ी बात है। आइए हम सब मिलकर योग करें। ये केवल आजादी का अमृत महोत्सव ही नहीं बल्कि आबादी का भी अमृत महोत्सव है।
| Tweet![]() |