दिल्ली में तीन नाबालिग समेत आठ रोहिंग्या गिरफ्तार

Last Updated 18 Jan 2021 01:53:29 AM IST

दिल्ली पुलिस ने अलग-अलग इलाकों में गणतंत्र दिवस की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चलाए गए तलाशी अभियान में तीन नाबालिग समेत कुल आठ रोहिंग्या नागरिकों (म्यांमार नागरिक) को गिरफ्तार किया है।


तीन नाबालिग समेत आठ रोहिंग्या गिरफ्तार

पूर्वी दिल्ली के पटपड़गंज और द्वारका जिले के उत्तम नगर थाने में इनके खिलाफ विदेशी एक्ट के तहत अवैध रूप से भारत में आने और यहां रहने का मामला दर्ज किया है। स्थानीय पुलिस ने एफआरआरओ को इनकी सूचना देकर लामपुर स्थित डिटेंशन सेंटर भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पूर्वी जिला डीसीपी दीपक यादव ने बताया कि पटपड़गंज पुलिस को छह जनवरी को सूचना मिली थी कि कुछ म्यांमार के विदेशी नागरिक अवैध रूप से दिल्ली पहुंचे हैं। पुलिस ने आनंद विहार रेलवे स्टेशन के बाहर पहुंच कर कुछ रोहिंग्या नागरिकों को हिरासत में लिया गया। इनमें 10 और 14 साल की उम्र के दो लड़के, 15 साल की एक किशोरी, 60 व 31 साल के दो पुरु ष और 50 साल की एक महिला शामिल थीं। इनको थाने लाकर सभी से पूछताछ की तो इन लोगों ने बताया कि यह लोग त्रिपुरा से ट्रेन में सवार होकर दिल्ली पहुंचे हैं।

हाल में यह लोग म्यांमार से अवैध रूप से बार्डर पार कर भारत की सीमा में दाखिल हुए थे। अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने भी इनसे पूछताछ की। बाद में सभी को लामपुर स्थित डिटेंशन सेंटर में भेज दिया गया। एक अन्य मामले में पुलिस ने उत्तम नगर के हस्तसाल इलाके से दो रोहिंग्या नागरिकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान 23 वर्षीय हामिद हुसैन और 22 वर्षीय नबी हुसैन के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला है कि दोनों नवम्बर में बांग्लादेश के रास्ते अवैध रूप से भारत में आए थे। यहां हस्तसाल में दोनों किसी जानकार के साथ रह रहे थे। पुलिस के अलावा जांच एजेंसियों ने इनसे भी पूछताछ की। बाद में इनको भी डिटेंशन सेंटर भेजकर एफआरआरओ को सूचित कर दिया गया। वहीं उत्तम नगर थाने में दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment