नवम्बर में ठंड ने तोड़ा 71 साल का रिकॉर्ड
दिल्ली की ठंड रिकार्ड बनाने पर आमादा है। इस बार नवम्बर में ठंड ने 71 वर्षो का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
![]() नवम्बर में ठंड ने तोड़ा 71 साल का रिकॉर्ड |
इससे पहले अक्टूबर में औसत न्यूनतम तापमान ने रिकॉर्ड तोड़ा था। सोमवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान औसत से तीन डिग्री सेल्सियस कम 6.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
नई दिल्ली के प्रादेशिक मौसम पूर्वानुमान के प्रमुख डॉ. कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि 1949 के बाद इस साल नवम्बर का औसत न्यूनतम तापमान गिरकर 10.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो अबतक के न्यूनतम तापमान से 2.7 डिग्री सेल्सियस कम है। उन्होंने बताया कि 1949 से अब तक नवम्बर का औसत न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड होता रहा है, लेकिन इस बार 10.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसी तरह अक्टूबर में भी ठंड ने 68 वर्षो का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
अक्टूबर का औसत न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो 1962 के बाद सबसे कम है। इस साल अक्टूबर में औसत न्यूनतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। श्रीवास्तव के अनुसार इस बार ठंड बढ़ने की प्रमुख वजहों में आसमान का साफ रहना और उत्तरी पश्चमी हवाओं का चलना है। सर्द हवाएं पहाड़ों से हो कर आ रही हैं और वहां इन दिनों बर्फ पड़ी है। इसलिए हवा में ठंडक है। उन्होंने कहा कि दिसम्बर, जनवरी और फरवरी में औसत से एक से डेढ़ डिग्री सेल्सियस अधिक ठंड पड़ने की उम्मीद है।
| Tweet![]() |