कोरोना : दिल्ली में 31 तक नहीं खुलेंगे सिनेमाहाल
दिल्ली सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी में निषिद्ध और अनुमति वाली गतिविधियों पर 31 अक्टूबर तक यथास्थिति बनाये रखने का निर्णय किया है।
![]() कोरोना : दिल्ली में 31 तक नहीं खुलेंगे सिनेमाहाल |
दिल्ली में सिनेमाघर, थियेटर तथा स्वीमिंग पूल जल्द नहीं खुलेंगे। दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) द्वारा जारी आदेश के अनुसार ये प्रतिष्ठान अगले आदेश तक बंद रहेंगे। बुधवार रात को जारी आदेश में मुख्य सचिव विजय देव ने कहा कि प्रत्येक नगर निगम जोन में हर दिन दो साप्ताहिक बाजारों को खोलने की अनुमति दी जाएगी।
आदेश में कहा गया है कि शहर में सभी सामाजिक, शैक्षणिक, मनोरंजन, सांस्कृतिक, धार्मिक, राजनीतिक कार्यक्रमों के साथ ही अधिक लोगों वाले अन्य कार्यक्रम एवं सभाएं निषिद्ध रहेंगी। आदेश के अनुसार, दिल्ली में कोविड-19 के हालात की समीक्षा की गयी है और तय किया गया है कि राष्ट्रीय राजधानी में 31 अक्टूबर या अगले आदेश, जो भी पहले हो, तक निषिद्ध तथा अनुमति वाली गतिविधियों के संदर्भ में यथास्थिति रहेगी।
दूसरी बार एक दिन में 14 लाख से अधिक जांच : देश में 30 सितम्बर को कोरोना वायरस नमूनों की जांच 14 लाख, 23 हजार 52 रही और कुल आंकड़ा सात करोड़ 56 लाख 19 हजार 781 पर पहुंच गया। यह दूसरा मौका है जब ऐसा हुआ है।
लगातार 10वें दिन एक्टिव केस 10 लाख से कम
देश में लगातार दसवें दिन कोरोना वायरस के उपचाराधीन मरीजों की संख्या दस लाख से कम रही और प्रति दिन स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या उत्साहजनक बनी हुई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
| Tweet![]() |