दिल्ली पहुंची पहली ट्रेन, यात्रियों को घरों तक पहुंचने में हुई मुश्किल

Last Updated 14 May 2020 04:37:55 AM IST

लॉकडाउन से थोड़ी राहत मिलने के बाद आम यात्रियों को लेकर पहली ट्रेन बुधवार सुबह नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंची।


लॉकडाउन में फंसे लोगों को लेकर पहली ट्रेन नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंची। स्टेशन से बाहर निकलने के बाद घर तक जाने के लिए लोगों को साधन नहीं मिला। कई लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा तो कई पैदल ही गंतव्य तक जाने को मजबूर हुए। फोटो : प्रेट्र

दिल्ली पहुंचने पर यात्रियों के चेहरों पर खुशी तो थी, लेकिन यहां से अपने घर तक पहुंचने को लेकर आ रही मुश्किलों का तनाव भी था। सबसे पहले गुजरात और राजस्थान से पहुंचे यात्री स्टेशन से बाहर निकलने के बाद लोग आगे की यात्रा को लेकर परेशान दिखाई दिए। कई यात्री रेलवे स्टेशन के बाहर खड़े रहे जबकि कुछ स्थानीय कैब चालकों को दूसरे राज्यों में उनके घरों तक ले जाने के लिए मनाने की कोशिश करते दिखे। गुरुग्राम व आनंद विहार के कई यात्री तो पैदल ही अपने गंतव्य की ओर निकल पड़े। जयपुर के एक होटल में काम करने वाले 14 लोगों के एक समूह को भी ऐसी ही परेशानी का सामना कर रहा था। उत्तराखंड में खटीमा के रहने वाले अशोक  ने कहा कि उन्हें कोई अंदाजा नहीं है कि वह कैसे अपने घर पहुंचेंगे। अशोक की 8 अप्रैल को शादी थी। उन्होंने बताया कि जयपुर के जिस होटल में वह काम करता था वह बंद हो गया, इससे वह बेरोजगार हो गया।

अशोक ने आगे कहा की हमारे पास वापसी के अलावा कोई विकल्प नहीं था। पिथौरागढ़ के रहने वाले दीपक कुमार ने कहा कि अगर उन्हें परिवहन का कोई साधन नहीं मिला तो वह पैदल ही निकलेंगे।  एक व्यक्ति ने स्टेशन पहुंचे एक कैब चालक को रु ड़की पहुंचाने के लिए 6 हजार रुपए देने की बात कही। कैब चालक एक परिवार को लेने के लिए स्टेशन पहुंचा था। एक अन्य व्यक्ति एक रिक्शा चालक को आनंद विहार पहुंचाने के लिए मनाता दिखा। उत्तम नगर निवासी रत्नाकर ने कोई साधन न मिलने पर पैदल ही घर निकलने की बात कही। उन्होंने कहा की जब बस या ऑटो रिक्शा नहीं चलाना था तो ट्रेन क्यों चलाई। आखिर लोग स्टेशन तक आए-जाएंगे कैसे। एक अन्य यात्री अविरल माथुर ने कहा कि सरकार को विशेष ट्रेनों से यात्रा कर रहे लोगों के लिए कम से कम बसें तो चलानी चाहिए थी।

 

सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment