कांग्रेस का सूपड़ा साफ, 63 सीटों पर जमानत जब्त
विधान सभा चुनाव में प्रदेश कांग्रेस एक बार फिर शून्य पर आउट हो गई है। वर्ष 2015 के चुनाव में भी कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली थी व 2020 के विधान सभा चुनाव में पार्टी ने इसकी पुन: पुनरावृत्ति कर दी है।
![]() कांग्रेस |
विधान सभा की एक भी सीट नहीं मिलने के साथ पार्टी के 63 उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई।
कांग्रेस के तीन उम्मीदवार अरविंदर सिंह लवली, देवेन्द्र यादव व अभिषेक दत्त जमानत बचाने में सफल रहे। कांग्रेस को करीब 4.5 प्रतिशत मत प्राप्त हुआ जबकि 2015 के विधान सभा चुनाव में कांग्रेस को करीब सात प्रतिशत मत प्राप्त हुआ था। चुनाव में कांग्रेस ने पहली बार राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के साथ गठबंधन कर नया प्रयोग किया व गठबंधन में राजद को चार सीटें दी थी जिसमें तीन सीटों पर राजद उम्मीदवार को नोटा से कम मत मिले। गांधी नगर विधान सभा सीट पर पूर्व मंत्री अरविंदर सिंह लवली को कुल 22,734 मत प्राप्त हुए जबकि आप उम्मीदवार अनिल कुमार वाजपेयी को 48,300 मत प्राप्त हुए। लवली जमानत बचाने में सफल रहे। प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष देवेन्द्र यादव बादली सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार थे, उन्हें कुल 24,921 मत प्राप्त हुए। देवेन्द्र यादव जमानत बचाने में सफल रहे। इस सीट पर आप उम्मीदवार अजेश यादव ने 61723 मत प्राप्त किया व जीत दर्ज की। कस्तूरबा नगर से अभिषक दत्त को कुल 19,648 मत प्राप्त हुए व उनकी जमानत भी बची।
इस सीट पर आप उम्मीदवार मदन लाल ने 37,039 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। इन तीन उम्मीदवारों के अलावा कांग्रेस के दिग्गज उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई। डा. एके वालिया को कृष्णा नगर विधान सभा सीट पर 5032 मत प्राप्त करने में सफल रहे लेकिन उनकी जमानत नहीं बची। यहां भाजपा के अनिल वाजेपयी ने 67,309 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश लिलोठिया ने मंगोलपुरी सीट पर 4056 मत प्राप्त किया व उनकी जमानत जब्त हो गई। यहां आप उम्मीदवार राखी बिड़लान ने 74,046 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हारुन यूसुफ ने बल्लीमारान सीट पर 4,797 मत प्राप्त किया व उनकी जमानत जब्त हो गई। इस सीट पर आप सरकार के खाद्य मंत्री इमरान हुसैन ने 65,612 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। सीलमपुर विधान सभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार चौधरी मतीन अहमद ने 20,207 मत प्राप्त कर तीसरे स्थान पर रहे व उनकी जमानत जब्त हो गई। इस सीट पर अब्दुल रहमान ने 72,611 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता मुकेश शर्मा ने विकासपुरी सीट से 7,549 मत प्राप्त किया। इनकी जमानत जब्त हो गई। इस सीट पर आप उम्मीदवार राज कुमार आनंद ने 73,341 मत प्राप्त किया व जीत दर्ज की। संगम विहार सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार पूनम झा आजाद ने 2,601 मत प्राप्त किया व उनकी जमानत जब्त हो गई। पूनम झा कांग्रेस के प्रचार समिति अध्यक्ष कीर्ति झा आजाद की पत्नी हैं। इस सीट पर आप उम्मीदवार दिनेश मोहनिया ने 75,307 मत प्राप्त किया व लगातार दूसरी जीत बार संगम विहार सीट जीतने में सफल रहे। कालकाजी विधान सभा सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार शिवानी चोपड़ा ने 4,956 मत प्राप्त किया व उनकी जमानत जब्त हो गई। शिवानी चोपड़ा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा की बेटी हैं।
इस सीट पर आप उम्मीदवार आतिशी ने 55,833 मत प्राप्त किया व विजयी रही। इस प्रकार जिन 63 सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवार की जमानत जब्त हुई उसमें कई दिग्गज शामिल रहे। सुलतानपुरी सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी जय किशन को कुल 9,000 मत प्राप्त हुआ व उनकी जमानत जब्त हो गई। इस सीट पर आप प्रत्याशी मुकेश अहलावत ने 74,489 मत प्राप्त की जीत हासिल की।
तीन राजद उम्मीदवारों को नोटा से भी कम वोट मिले : कांग्रेस ने विधान सभा चुनाव में गठबंधन के तहत चार सीटें राजद को दी थी जिसमें किराड़ी,पालम, उत्तम नगर व बुराड़ी की सीटें थी। किराड़ी सीट पर राजद उम्मीदवार रियाजुद्दीन खान को 255 (0.15 प्रतिशत) मत मिला जबकि इस सीट पर नोटा को 0.62 मत प्राप्त हुआ, उन्हें नोटा से कम मत मिला। पालम से राजद उम्मीदवार निर्मल कुमार सिंह को 463 (0.36 प्रतिशत) मत प्राप्त हुआ जबकि इस सीट पर नोटा पर 0.52 प्रतिशत मत पड़ा। निर्मल कुमार सिंह को नोटा से कम मत प्राप्त हुआ। उत्तम नगर विधान सभा सीट पर राजद उम्मीदवार शक्ति कुमार विश्नोई को 229 (0.17 प्रतिशत) मत प्राप्त हुआ जबकि इस सीट पर नोटा पर 0.47 मत पड़ा। बुराड़ी सीट पर राजद उम्मीदवार प्रमोद त्यागी को 1668 मत प्राप्त हुआ।
| Tweet![]() |