कांग्रेस की बड़े नेताओं को उतारने की तैयारी

Last Updated 15 Jan 2020 03:57:39 AM IST

दिल्ली विधानसभा चुनाव में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने के लिए कांग्रेस बड़े चेहरों को मैदान में उतारेगी।


कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी (फाइल फोटो)

पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी दिल्ली विधानसभा चुनावों को लेकर काफी गंभीर हैं। सूत्रों के अनुसार उन्होंने प्रदेश प्रभारी पीसी चाको व दिल्ली के अन्य नेताओं को साफ कर दिया है कि दिल्ली का चुनाव पूरी गंभीरता से लड़ा जाए और पार्टी के बड़े चेहरे भी चुनाव मैदान में उतरने को तैयार रहें।

सूत्रों के अनुसार पार्टी लोकभसा चुनाव लड़े बड़े चेहरों को भी मैदान में उतार सकती है। एक्शन में आई पार्टी अध्यक्ष ने दिल्ली प्रदेश के सभी बड़े नेताओं को चुनाव मैदान में उतरने का निर्देश दिया है। इसके अलावा यह भी कहा गया है कि चुनाव जीतने वाले दावेदारों को तरजीह दी जाएगी। पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी अपना खाता भी नहीं खोल पाई थी।

सोनिया गांधी का मानना है कि बड़े नेताओं के मैदान में उतरने से न केवल जनता में सकारात्मक संदेश जाएगा बल्कि सियासी फिजा भी बदली जा सकती है। राजधानी में कांग्रेस अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ेगी। पार्टी का मानना है कि बड़े नेताओं को उतारने से पार्टी का प्रदर्शन बेहतर रहेगा। हरियाणा व झारखंड के चुनाव नतीजों से उत्साहित कांग्रेस आलाकमान को उम्मीद है कि सीएए, एनआरसी व एनपीआर तथा महंगाई के मुद्दे के सहारे वह विधानसभा में अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज करा सकती है।

राजधानी में पार्टी उम्मीदवारों के समर्थन के लिए पार्टी उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा और दक्षिण के राज्यों के बड़े नेताओं को चुनाव प्रचार के लिए उतारेगी। इन चुनावों में पार्टी जहां अपना प्रदर्शन बेहतर करने के मकसद से चुनाव मैदान में उतरेगी तो वहीं उसकी नजर किसी भी तरह भाजपा उम्मीदवारों को घेरने पर भी रहेगी। सूत्रों की मानें तो पार्टी दिल्ली की 30 विधानसभा सीटों पर पूरे दम खम के साथ चुनावी समर में उतरेगी।

सहारा न्यूज ब्यूरो/प्रतीक मिश्र
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment