मौसम: दिल्ली-NCR में भारी बारिश, राजधानी आने वालीं 16 ट्रेनें लेट

Last Updated 08 Jan 2020 11:50:54 AM IST

राष्ट्रीय राजधानी और आस-पास के इलाकों में बुधवार सुबह बारिश हुई। बारिश के बाद तापमान गिर गया और कई स्थानों पर ट्रैफिक धीमी गति से चलने लगा। वहीं दिल्ली आने वाली 16 ट्रेनें एक से आठ घंटे लेट हैं।


मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है।’’ आद्र्रता स्तर 100 फीसदी तक दर्ज किया गया।      

सफदरजंग वेधशाला ने छह मिलीमीटर बारिश दर्ज की। इसके अलावा पालम में 5.3 मिमी और रिज क्षेत्र में 6.8 मिमी बारिश दर्ज हुई। लोधी और आया नगर वेधशालाओं में क्रमश: 10 मिमी और 5.6 मिमी बारिश दर्ज हुई।      

मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि बारिश का सिलसिला पूरे दिन जारी रहेगा। वहीं दूरदराज के इलाकों में ओलावृष्टि का अनुमान है। उन्होंने बताया कि अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 16 डिग्री सेल्सियस और आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।      

16 ट्रेनें एक से आठ घंटे लेट

रेलवे अधिकारी ने बताया कि खराब मौसम की वजह से उत्तरी रेलवे की 16 रेलगाड़ियां देरी से चल रही हैं। इस दौरान मालदा-नई-दिल्ली फरक्का एक्सप्रेस 5.30 घंटा, पुरी-नई दिल्ली पुरुषोत्तम एक्सप्रेस 3.30 घंटे, गया-नई दिल्ली पुरुषोतम एक्सप्रेस 3.30 घंटे और रक्सौल-आनन्द विहार सत्याग्रह एक्सप्रेस आठ घंटे की देरी से चल रही हैं।

इनके अलावा गोरखपुर-आनन्द विहार हमसफर एक्सप्रेस एक घंटा, फैजाबाद-दिल्ली एक्सप्रेस तीन घंटे, हावड़ा-नई दिल्ली पूर्वा एक्सप्रेस तीन घंटे, और मऊ-आनंद विहार एक्सप्रेस 4.30 घंटे की देरी से चल रही है।

रेलवे सूत्रों के मुताबिक, फिलहाल मौसम को देखते हुए ट्रेनों का विलंब से चलना जारी रह सकता है।
 

बारिश के बावजूद पंजाब, हरियाणा में तापमान में वृद्धि

पंजाब और हरियाणा में रातभर की बारिश के बावजूद बुधवार को न्यूनतम तापमान मामूली रूप से बढ़ गया। पंजाब के पठानकोट में न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जहां सबसे ज्यादा 65 मिलीमीटर बारिश हुई।

पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां 22.9 मिलीमीटर बारिश हुई।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पंजाब के अमृतसर, लुधियाना और पटियाला में क्रमश: 7.6 डिग्री, 10.1 डिग्री और 11.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

अमृतसर, लुधियाना और पटियाला में क्रमश: 4.2 मिलीमीटर, 1.7 मिलीमीटर और 9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

हरियाणा के हिसार, करनाल, नारनौल, रोहतक और भिवानी में न्यूनतम तापमान क्रमश: 11.2 डिग्री सेल्सियस, 11.4 डिग्री, 11 डिग्री, 10.8 डिग्री और 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अंबाला में 12.6 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि करनाल में 11.4 मिलीमीटर और सिरसा में 3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

भाषा/आईएएनएस
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment