प्रियंका गांधी की सुरक्षा में चूक

Last Updated 03 Dec 2019 06:52:32 AM IST

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की सुरक्षा में चूक का मामला उजागर हुआ है। सूत्रों ने दावा किया यह मामला पिछले महीने का है और एक शख्स कार लेकर कांग्रेस महासचिव के घर में बिना अनुमति के घुस गया था।


प्रियंका गांधी की सुरक्षा में चूक

इस बाबत स्थानीय पुलिस को जानकारी नहीं है। पुलिस का कहना है कि इसकी शिकायत नहीं दर्ज कराई गई।

सूत्रों ने बताया कि यह घटना 25 नवम्बर की है जबकि प्रियंका गांधी के कार्यालय की ओर से उनकी सुरक्षा में तैनात सीआरपीएफ को इस बाबत जानकारी दे दी गई है। बताया जाता है कि प्रियंका गांधी के घर के बगीचे के पास बने बरामदे में एक लड़की सहित पांच लोग कार लेकर घुस गए थे। इसके बाद सभी कार से उतरकर प्रियंका गांधी के बगीचे में गए और कांग्रेस नेता के साथ फोटो खिंचवाने की बात कही थी।

सूत्रों ने कहा कि परिवार उत्तर प्रदेश के एक शहर से उनके साथ सेल्फी फोटो लेने आया था। इस घटना से प्रियंका गांधी हैरान हुई लेकिन उन्होंने उन लोगों के साथ फोटो भी खिंचवाई थी। दावा यह किया गया है कि प्रियंका गांधी हैरान थीं, क्योंकि किसी भी आगंतुक ने उनसे मिलने के लिए समय नहीं लिया था जबकि सुरक्षा में तैनात सीआरपीएफ कर्मिंयों द्वारा उनसे मिलने के लिए निर्धारित किसी भी आगंतुक के बारे में सूचित नहीं किया गया था।

सीआरपीएफ से यह भी पूछा गया है कि आगंतुक उनकी जानकारी के बिना अंदर कैसे आए। बाद में जैसे ही सीआरपीएफ को सुरक्षा में चूक का अहसास हुआ पूरे कंपाउंड को अलर्ट कर दिया गया था। आरोप लगाया है सुरक्षा में मौजूद कर्मियरे ने न केवल कार को अंदर आने दिया बल्कि यात्रियों की पहचान की भी जांच नहीं की थी।

इससे बड़ा खतरा हो सकता था। ज्ञात हो कि हाल ही में प्रियंका गांधी, उनकी मां सोनिया गांधी और भाई राहुल गांधी की एसपीजी सुरक्षा वापस ले ली गई है और उन्हें जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा दी गई है।

सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment