सोनिया ने महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष से मुलाकात की, इस्तीफों पर की चर्चा

Last Updated 11 Sep 2019 07:56:04 PM IST

राजनीति में आईं अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर और महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री कृपा शंकर सिंह के इस्तीफा देने के एक दिन बाद कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बुधवार को यहां पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष एकनाथ गायकवाड़ के साथ बैठक की।


कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी

कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के 10 जनपथ स्थित आवास पर गायकवाड़ पहुंचे और उन्होंने गांधी के साथ एक घंटे से ज्यादा समय तक चर्चा की।

गायकवाड़ ने कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (सप्रंग) की अध्यक्ष ने राज्य में विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं के पार्टी छोड़ने के बारे में चर्चा की। राज्य विधानसभा चुनाव महज दो महीने दूर है।

उर्मिला ने मंगलवार को पार्टी छोड़ दी। वह लोकसभा चुनाव से ठीक पहले पार्टी में शामिल हुई थीं और उन्होंने पार्टी उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

कांग्रेस ने कहा कि सोनिया ने विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और अन्य दलों के साथ गठबंधन के मुद्दे पर भी चर्चा की।

राकांपा प्रमुख शरद पवार ने भी मंगलवार को दिल्ली में सोनिया गांधी से मुलाकात की थी।

2014 के चुनाव में, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 288 सदस्यीय विधानसभा में 122 सीटें जीतकर महाराष्ट्र में सत्ता में आई थी। भाजपा की सहयोगी शिवसेना ने 62 सीटें जीती थी। कांग्रेस और राकांपा को क्रमश: 42 और 41 सीटें मिली थीं।

कांग्रेस और राकांपा राज्य में वापसी की जुगत में हैं।

   

आईएएनएस
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment