बढ़ने लगा यमुना का जल स्तर
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र एवं हरियाणा में पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश के चलते यमुना नदी का जल स्तर बढ़ने लगा है।
![]() आईटीओ के पास घाट पर बढ़ता यमुना नदी का जलस्तर। फोटो: मुकेश कुमार |
शनिवार शाम करीब चार बजे यमुना नदी का जल स्तर 203.26 मीटर पर पहुंच गया। हालांकि यह अभी तक चेतावनी के निशान से नीचे हैं। शनिवार सुबह करीब 10 बजे हथिनी कुंड बैराज से कुल 21,000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इससे पहले करीब 17,000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। खासबात यह है कि यमुना नदी में चेतावनी का निशान 204.5 मीटर पर है।
एनसीआर में हो रही बारिश का असर अब यमुना नदी में भी दिखने लगा है। पिछले दो दिनों से यमुना नदी का जल स्तर धीरे-धीरे बढ़ रहा है। हालांकि अधिकारियों ने फिलहाल किसी तरह की चेतावनी से इंकार किया है। उनका कहना है कि प्रशासन लगातार जल स्तर पर नजर रखे हुए हैं। अधिकारी ने बताया कि हम यमुना के जलस्तर की करीबी निगरानी कर रहे हैं। बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए तैयारियां पूरी हैं। उन्होंने बताया कि पिछले साल जुलाई में दिल्ली में यमुना के पुराने पुल पर यातायात कुछ दिनों के लिए रोकना पड़ा था। दरअसल, नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया था। पिछले साल यमुना का जलस्तर 205.5 मीटर तक पहुंच गया था।
| Tweet![]() |