दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश, लोगों को दफ्तर पहुंचने में करना पड़ा मुश्किलों का सामना

Last Updated 06 Aug 2019 10:45:46 AM IST

दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मंगलवार को भारी बारिश हुई, जिससे विभिन्न जगहों पर लोगों को ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा।


दिल्ली में झमाझम बारिश

जहां राजधानी के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हुई, वहीं कुछ हिस्सों में सिर्फ बूंदाबांदी हुई। दक्षिणी दिल्ली में, एक पेड़ के उखड़ने के बाद महारानी बाग से आश्रम की ओर जाने वाले मार्ग में वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई।  कई इलाकों में जाम लग गया और लोगों को अपने दफ्तर पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।  

एक वाहन में तकनीकी खराबी के चलते धौला कुआं से एम्स तक यातायात प्रभावित हुआ। जलभराव के कारण मॉडल टाउन में भी जाम रहा। इंद्रप्रस्थ फ्लाईओवर के पास, ओवरफ्लो हो रहे सीवर की वजह से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।

जलभराव के चलते लोगों का द्वारका और गुरुग्राम में अपने घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया।



'स्काइमेट' वेदर के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने मंगलवार को आईएएनएस को बताया कि मानसून उत्तर भारत में पहुंच गया है और बुधवार तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा, जिसके बाद यह दक्षिण भारत की ओर बढ़ जाएगा। उन्होंने कहा, "12 अगस्त के बाद राष्ट्रीय राजधानी में फिर बारिश का दौर शुरू होगा।"

इस बीच, यात्रियों और कार्यालय जाने वालों ने सोशल मीडिया पर ट्रैफिक जाम की समस्या के बारे में बताया। एक ट्विटर यूजर ने कहा, "दिल्ली में बारिश और इसके चलते दिल्ली-मेरठ हाईवे (एनएच-24) पर काफी ट्रैफिक जाम है।"

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस (डीटीपी) भी लगातार अपने ट्विटर हैंडल पर अपडेट पोस्ट कर रही थी।

मौसम विभाग ने बताया कि यहां सुबह साढ़े आठ बेज तक 12.6 मिलीमीटर बारिश हुई तथा न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के अनुसार सामान्य है।

मौसम विभाग के अनुसार यहां पर सुबह साढ़े आठ बजे तक आद्रता का स्तर 97 प्रतिशत रहा। यहां पर दिन में भारी बारिश के साथ आम तौर पर बादल छाये रहने के आसार हैं। आज यहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने की उम्मीद है।

दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो मौसम के अनुसार तीन डिग्री सेल्सियस अधिक था।
 

आईएएनएस/वार्ता
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment