दिल्ली : इमरान को झटका, कैलाश गहलोत को पर्यावरण मंत्री बनाया

Last Updated 16 Jul 2019 04:58:00 AM IST

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अत्यंत महत्वपूर्ण फैसले में पर्यावरण मंत्री इमरान हुसैन से पर्यावरण का प्रभार वापस लेकर उनके पर कतर दिए हैं।


इमरान हुसैन (फाइल फोटो)

इमरान अब खाद्य मंत्री व चुनाव विभाग के मंत्री बने रहेंगे। मुख्यमंत्री की अनुशंसा पर उपराज्यपाल ने वन एवं पर्यावरण विभाग का प्रभार इमरान हुसैन से वापस ले लिया है व परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत को पर्यावरण मंत्री बनाने संबंधी आदेश जारी कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने पूरी गोपनीयता से इस प्रशासनिक फेरबदल को अंजाम दिया है व सभी मंत्रियों को आदेश की प्रति भेजकर सूचित कर दिया है। इमरान हुसैन से पर्यावरण विभाग वापस लेने के बाद अब मुख्यमंत्री ने पर्यावरण से संबंधित मामलों की बैठक स्वयं बुलाई है। यानि कैलाश गहलोत के साथ-साथ इस विभाग से संबंधित महत्वपूर्ण मामलों की अगली बैठक एक दो दिनों में मुख्यमंत्री स्वयं करेंगे। 

सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री ने इमरान हुसैन से वन एवं पर्यावरण विभाग का प्रभार वापस लेकर उनके पर कतरने संबंधित फैसला शनिवार को लिया गया। विभाग में परिवर्तन व पर्यावरण मंत्री का प्रभार कैलाश गहलोत को देने संबंधी फाइल उपराज्यपाल को भेज दी गई। उपराज्यपाल ने शनिवार शाम को ही मुख्यमंत्री की अनुशंसा पर मुहर लगा दी। शनिवार को दिल्ली सचिवालय बंद था लेकिन प्रशासनिक फेरबदल पर उपराज्यपाल की मुहर लगने पर मुख्यमंत्री कार्यालय में हलचल शुरू हुई। अधिकारीगण शाम को काम पर आ गए। मुख्यमंत्री कार्यालय में कामकाज शुरू हो गया। उपराज्यपाल के आदेश की प्रति सबसे पहले इमरान हुसैन को भेजकर उनसे पर्यावरण विभाग के पद से हटाने की जानकारी भेजी। कैलाश गहलोत को नया विभाग सौंपने की जानकारी दे दी गई कि उन्हें वन, पर्यावरण व वन्यजीव विभाग का मंत्री बनाया गया है। अन्य सभी मंत्रियों को भी आधिकारिक सूचना शनिवार को ही भेज दी गई।
मुख्यमंत्री स्वयं जल विभाग के मंत्री हैं व यमुना किनारे जल संचयन की बड़ी परियोजना को कैबिनेट ने पिछले सप्ताह अनुमति दी है। इसमें करोड़ों के खर्च से चल संचयन होगा। इस काम में जल विभाग के साथ साथ पर्यावरण विभाग की भूमिका भी होगी।

संजय के झा/सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment