दिल्ली में 60.21 फीसद मतदान, 2014 में 65 फीसद पड़े थे वोट

Last Updated 13 May 2019 06:15:50 AM IST

दिल्ली में रविवार को 60.21 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो 2014 के 65 प्रतिशत से कम है। दिल्ली में भाजपा, आप और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है।


दिल्ली में वोट डालने के बाद वोट का निशान दिखाते वोटर।

मतदान के दौरान दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों से ईवीएम में खराबी और मतदाताओं के नाम नहीं होने की घटनाएं सामने आई।
लोकसभा चुनाव के छठे चरण में दिल्ली की सात लोकसभा सीटों के लिए मतदान हुआ। दिल्ली में मतदान की शुरुआत सुबह धीमी रही, लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही इसमें तेजी आई। मतदान शाम छह बजे तक 60.21 प्रतिशत दर्ज किया गया। कई स्थानों पर मतदान समय सीमा से भी आगे चला। अपेक्षाकृत कम मतदान पर दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी रणबीर सिंह ने कहा कि उनके कार्यालय ने मतदाताओं को मतदान केंद्रों तक लाने के लिए जितना जागरुकता अभियान चलाया था, उसे देखते हुए मतदान प्रतिशत उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा।
दिल्ली में 1.43 करोड़ मतदाता हैं। 164 उम्मीदवारों चुनाव मैदान में हैं, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, केंद्रीय मंत्री हषर्वर्धन, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी, पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर और आप की आतिशी शामिल हैं। भाजपा, कांग्रेस और आप ने सभी सात सीटें जीतने का भरोसा जताया है।

राष्ट्रपति रामनाथ को¨वद और उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू, पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज  सहित कई गणमान्य हस्तियों ने नई दिल्ली क्षेत्र में अपने मताधिकारों का इस्तेमाल किया। नायडू ने अपना वोट वियतनाम की चार दिवसीय यात्रा से लौटने के बाद डाला। रमजान के रोजे और गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में मुस्लिम वोट डालने के लिए पहुंचे।
मटिया महल, मालवीय नगर, तिलक नगर, चांदनी चौक और कुछ अन्य स्थानों पर ईवीएम में खराबी की शिकायतें आई। दिन में आठ प्रतिशत ईवीएम बदली गई। सुबह में अभ्यास मतदान के दौरान 778 वीवीपैट, 141 कंट्रोल यूनिट और 228 बैलट यूनिट बदली गई। मतदान के दौरान 450 वीवीपैट, 61 कंट्रोल यूनिट 77 बैलट यूनिट बदली गई।

भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment