रोहित शेखर तिवारी हत्याकांड: दिल्ली पुलिस ने पत्नी अपूर्वा को किया गिरफ्तार

Last Updated 24 Apr 2019 11:59:48 AM IST

दिल्ली पुलिस ने रोहित शेखर तिवारी की पत्नी अपूर्वा को उनकी कथित तौर पर हत्या करने के मामले में बुधवार को गिरफ्तार किया।


प्रतिकात्मक फोटो

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उनका वैवाहिक जीवन तनावपूर्ण था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार रोहित शेखर की 15 और 16 अप्रैल की दरम्यानी रात को कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। रोहित दिवंगत वरिष्ठ नेता एन डी तिवारी के पुत्र थे।     

अतिरिक्त आयुक्त (अपराध) राजीव रंजन ने संवाददाताओं से कहा कि घटना की रात दोनों के बीच एक रिश्तेदार को लेकर झगड़ा हुआ था। काफी नशे में होने के कारण रोहित विरोध करने की स्थिति में नहीं थे। झगड़े के दौरान पत्नी ने रोहित का गला घोंट दिया।

अधिकारी के अनुसार दोनों का वैवाहिक जीवन सुखद नहीं था और अक्सर उनकी लड़ाई होती थी। रंजन ने कहा कि अपूर्वा ने स्वीकार कर लिया है।

अब तक के तथ्य और परिस्थितियों से ऐसा लगता है कि हत्या की कोई योजना नहीं थी। वहां पृष्ठभूमि पहले से ही थी और उनकी शादी ठीक नहीं चल रही थी। रोहित शेखर और उनका परिवार अलग होने के बारे में सोच रहे थे। पूछताछ के बाद यह पाया गया कि अपूर्वा शुक्ला तिवारी और रोहित का वैवाहिक जीवन तनावपूर्ण चल रहा था।     

अपूर्वा उच्चतम न्यायालय में वकालत करती हैं। अपूर्वा से इस मामले में गत रविवार से पूछताछ की जा रही थी। अधिकारी के अनुसार वह लगातार अपने बयान बदल रही थीं जिससे पुलिस को उन पर संदेह हुआ।     

रोहित की मां उज्ज्वला ने रविवार को अपनी बहू अपूर्वा और उसके परिवार पर लालची होने का आरोप लगाते हुए कहा था कि वे पारिवारिक संपत्ति हड़पना चाहते थे। उन्होंने पहले कहा था कि दंपति के बीच शादी के पहले दिन से ही झगड़े हो रहे थे। 

पुलिस ने शनिवार को अपूर्वा से आठ घंटे तक लंबी पूछताछ की। अपूर्वा के बयानों में तालमेल नहीं होने के कारण जांच टीम ने उन पर शिंकजा कसा। इस हत्या में शामिल अन्य लोगों की भी पुलिस तलाश कर रही है।

इस मामले में रोहित की पत्नी अपूर्वा के अलावा घर में मौजूद दो सहायकों के बयान भी पुलिस को संदिग्ध लगे थे।

रोहित शेखर की मां ने पहले इसे स्वाभाविक मौत बताया था लेकिन जांच आगे बढ़ने के बाद उन्होंने कहा कि पत्नी से रोहित की अनबन रहती थी। क्राइम ब्रांच ने अपनी जांच में पहले यह भी कहा था कि रोहित की पत्नी उन पर शक करती थी और दोनों के बीच काफी तनाव था। उन्होंने रविवार को अपनी बहू अपूर्वा और उसके परिवार पर लालची होने का आरोप लगाते हुए कहा था कि वे पारिवारिक संपत्ति हड़पना चाहते थे। 

भाषा/वार्ता
नयी दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment