केजरीवाल बोले, BJP पाकिस्तान का एजेंडा पूरा कर रही

Last Updated 25 Apr 2019 01:34:16 PM IST

दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर भारत को तोड़ने का पाकिस्तान का एजेंडा पूरा करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि चुनाव के बाद आप किसी भी गैर भाजपा दल की सरकार के गठन में मदद करेगी।


दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल

केजरीवाल ने गुरुवार को आप का घोषणा पत्र जारी करते हुए कहा कि यह चुनाव देश को तोड़ने से बचाने के लिए हो रही कोशिशों का चुनाव है।     

आप संयोजक ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के एक पुराने बयान का हवाला देकर कहा कि शाह पहले ही बोल चुके हैं कि आज़ादी के बाद अन्य देशों से आए हिंदू, सिख और बौद्ध को छोड़कर अन्य सभी समुदायों के लोगों को देश से बाहर कर दिया जाएगा।     

उन्होंने कहा, ‘‘इसका मतलब साफ़ है कि मुस्लिम, जैन पारसी और अन्य समुदाय के लोगों को देश से निकल दिया जाएगा। इसलिए हम कहते है कि ये चुनाव प्रधानमंत्री बनाने के लिए नहीं बल्कि देश बचाने के लिए है।’’    

केजरीवाल ने कहा कि भाजपा देश को तोड़ने का एजेंडा चला रही है और यही एजेंडा पाकिस्तान का है।     

केजरीवाल ने कहा कि आप के घोषणापत्र में दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने का मुख्य लक्ष्य है।     

उन्होंने आप कांग्रेस गठबंधन नहीं हो पाने के लिए कांग्रेस को ज़िम्मेदार ठहराते हुए कहा कि कांग्रेस ट्विटर पर गठबंधन करने की कोशिश कर रही थी।    

केजरीवाल ने कहा कि कांग्रेस सभी राज्यों में विपक्ष के गठबंधन को कमज़ोर कर रही है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में गठबंधन के लिए आप ने हरसम्भव कोशिश की लेकिन कांग्रेस के बार-बार अपनी शर्तें बदलने से साबित हो गया कि कांग्रेस की मंशा गठबंधन करने की नहीं थी।     

उन्होंने कहा, ‘‘अगर फिर से मोदी और शाह की जोड़ी सत्ता में आती है तो इसके लिए सिर्फ और सिर्फ एक ही शख्स ज़िम्मेदार है और वह हैं राहुल गांधी।’’

भाषा
नयी दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment