दिल्ली: अगर TIKTOK पर बनाते हैं वीडियो, तो हो जाएं सावधान, पढ़ें यह खबर
सोशल मीडिया ऐप्लिकेशन टिकटॉक भारत में काफी लोकप्रिय हो रहा है। अगर आप भी इस ऐप पर वीडियो बनाकर अपलोड़ करते हैं तो थोड़ा सावधान हो जाएं।
![]() (फाइल फोटो) |
दिल्ली में एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। यहां 19 साल के एक युवक ने उसके दोस्त की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना उस समय घटी जब वे मोबाइल ऐप टिकटॉक के लिए वीडियो बना रहे थे।
पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि बीती रात सलमान अपने दोस्तों सोहेल और आमिर के साथ कार से इंडिया गेट गया हुआ था। लौटते समय कार चला रहे सलमान के बगल में बैठे सोहेल ने एक देसी पिस्तौल निकाली। उन्होंने वीडियो बनाने की कोशिश के दौरान सलमान पर निशाना साधा लेकिन पिस्तौल से निकली गोली उसके बाएं गाल पर लगी।
पुलिस ने बताया कि आमिर क्रेटा कार की पीछे वाली सीट पर बैठा था। यह घटना मध्य दिल्ली के बाराखंभा रोड से लगे रणजीत सिंह फ्लाईओवर के नजदीक हुई।
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद दोनों दोस्त घबरा गये और दरियागंज में सोहेल के रिश्तेदार के घर गये और खून से सने कपड़े बदले। फिर रिश्तेदार के साथ वे सलमान को पास के एलएनजेपी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि बाराखंभा रोड पुलिस ने आर्म्स एक्ट और हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आमिर, सोहेल और एक अन्य व्यक्ति शरीफ को गिरफ्तार किया है।
| Tweet![]() |