पूर्ण राज्य के नाम पर बेवकूफ बना रहे हैं केजरीवाल : कांग्रेस

Last Updated 04 Apr 2019 04:30:02 PM IST

दिल्ली भाषा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरिंवद केजरीवाल के पूर्ण राज्य के अभियान को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बृहस्पतिवार को उन पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि वह पूर्ण राज्य के नाम पर बेवकूफ बना रहे हैं।


दिल्ली के मुख्यमंत्री अरिंवद केजरीवाल

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश लिलोठिया ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘पुडुचेरी और दिल्ली में फर्क है। दिल्ली एक विशेष मामला है। दिल्ली की तुलना दूसरे राज्यों से नहीं हो सकती है। यहां पर पूर्ण राज्य को लेकर बहुत बड़ी प्रक्रिया है। वह सिर्फ लोगों को बेवकूफ बना रहे हैं।’’      

उन्होंने दावा किया, ‘‘केजरीवाल को भी पता है कि पूर्ण राज्य का दर्जा संभव नहीं है, लेकिन वह सिर्फ दूसरों को जिम्मेदार ठहराने के लिए यह सब कर रहे हैं।’’      
 

लिलोठिया ने कहा, ‘‘शीला दीक्षित मुख्यमंत्री थीं तो एक समय केंद्र में भाजपा की सरकार थी। उस समय भी मुद्दे थे, लेकिन उसे हल किया गया। केजरीवाल सरकार चलाने में सक्षम नहीं है। वह सिर्फ दूसरों को जिम्मेदार ठहराकर अपने आप को बचाना चाहते हैं।’’      

गौरतलब है कि कांग्रेस ने मंगलवार को जारी अपने घोषणापत्र में वादा किया है कि केंद्र में पार्टी की सरकार बनने पर वह पुडुचेरी को पूर्ण राज्य का दर्जा देगी तथा दिल्ली में उप राज्यपाल के अधिकार क्षेत्र को स्पष्ट करने के लिए कानून में संशोधन करेगी।    

 

इसी को लेकर आम आदमी पार्टी के दिल्ली संयोजक गोपाल राय ने राहुल गांधी को पत्र लिखा और आग्रह किया कि वह दिल्ली के लिए पूर्ण राज्य के मामले पर पुनर्विचार करें।



Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment