दिल्ली के होटल में आग, जान बचाने के लिए नीचे कूदे लोग, 17 की मौत

Last Updated 12 Feb 2019 09:48:32 AM IST

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के करोल बाग स्थित होटल अर्पित पैलेस में मंगलवार तड़के भीषण आग लगने से 17 लोगों की मौत हो गयी और कई अन्य झुलस गए, जबकि 25 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।


दमकल विभाग के उप प्रमुख सुनील चौधरी ने बताया कि अर्पित होटल से अब तक 17 लोगों के शवों को निकाला गया है।

उन्होंने बताया कि मरने वालों में एक महिला और बच्चा भी शामिल है। आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन बचाव अभियान जारी है। उन्होंने बताया कि 25 लोगों को होटल से सुरक्षित निकाला गया है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।

इससे पहले दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि आज तड़के 4.35 बजे होटल अर्पित पैलेस में आग लगने की सूचना मिली। आग की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर दमकल की गाड़ियों को भेजा गया।

सूत्रों ने बताया कि आग लगने के बाद कई लोगों ने होटल की खिड़कियों से छलांग लगाकर अपनी जान बचाने की कोशिश की, जिसके कारण कई लोग घायल हो गए। सूत्रों के अनुसार मृतकों की संख्या में बढ़ोतरी हो सकती है।
 

वार्ता
नयी दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment