क्रांति त्रिवेदी की स्मृति में डाक टिकट जारी

Last Updated 30 Oct 2010 05:43:13 AM IST

मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री पंडित रवि शंकर शुक्ल की पुत्री एवं प्रसिद्ध लेखिका स्व. क्रांति त्रिवेदी की स्मृति में डाक टिकट जारी किया।


 इस मौके पर उन्होंने क्रांति त्रिवेदी के उपन्यास 'लता और वृक्ष" और बांग्ला में अनुदित 'राधिका" का विमोचन भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि  समाज में तेजी से बदलाव हो रहे हैं, ऐसे हालात में आने वाले समय में क्रांति त्रिवेदी जैसे साहित्यकारों की कृतियां संतुलन पैदा करेंगी।

राजधानी में शुक्रवार शाम आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि शीला दीक्षित के अलावा समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव, पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं क्रांति त्रिवेदी के भाई विद्याचरण शुक्ल, पति एवं सेवानिवृत आईआरएस अधिकारी धरणीधर त्रिवेदी, पुत्र एवं केन्द्रीय गृह मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव विश्वपति त्रिवेदी, पुत्र एवं केन्द्रीय केबिनेट सचिव के सचिव प्रजापति त्रिवेदी, पुत्री एवं उत्तर प्रदेश ऊसर भूमि सुधार निगम की प्रबंध निदेशक अराधना शुक्ला एवं दामाद व उत्तर प्रदेश के प्रमुख स्वास्थ्य सचिव प्रदीप शुक्ला सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

कार्यक्रम का आयोजन मध्य प्रदेश राष्ट्रभाषा प्रचार समिति ने किया था। इस मौके पर दिल्ली क्षेत्र की  चीफ पोस्ट मास्टर जनरल रामेश्वरी हांडा भी मौजूद थी। मध्य प्रदेश राष्ट्रभाषा प्रचार समिति के अध्यक्ष कैलाश पंत ने घोषणा की कि मध्यप्रदेश में हर वर्ष युवा कथाकारों के लिए क्रांति त्रिवेदी पुरस्कार दिया जायेगा। वरिष्ठ पत्रकार आलोक मेहता से लेकर मुख्यमंत्री शीला दीक्षित तक सभी ने क्रांति त्रिवेदी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला।



Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment