मध्यप्रदेश : कूनो से भागा चीता राजस्थान में घुसा, कड़ी मशक्कत के बाद आया हाथ

Last Updated 26 Dec 2023 10:25:13 AM IST

मध्यप्रदेश के श्योपुर के कुनो राष्ट्रीय उद्यान में हाल ही में छोड़ा गया चीता राजस्थान के बारां जिले की सीमा में घुस गया, जिसके बाद उसे बेहोश कर वापस लाया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।


मध्यप्रदेश के जंगल में छोड़ा गया चीता राजस्थान में घुसा

अधिकारी ने बताया कि मादा चीता, अग्नि को रविवार को पारोंड वन रेंज में वायु नामक एक अन्य चीते के साथ जंगल में छोड़ा गया था, यह रेंज कुनो राष्ट्रीय उद्यान के अहेरा पर्यटन क्षेत्र का हिस्सा है।

कुनो वन प्रभाग के अधिकारी ने बताया, ‘‘अग्नि पड़ोसी राज्य राजस्थान के बारां जिले के जंगल में पहुंच गया। मादा चीता को सोमवार को बेहोश किया गया और कुनो राष्ट्रीय उद्यान वापस लाया गया। इसे एक बाड़े में स्थानांतरित किया जा रहा है।’’

सितंबर 2022 में नामीबिया से आठ चीतों को यहां लाया गया था, जबकि इस साल फरवरी में 12 चीतों को दक्षिण अफ्रीका से लाया गया था। इस साल मार्च में चार शावकों का जन्म हुआ।

इस साल मार्च से अब तक तीन शावकों समेत नौ चीतों की मौत हो चुकी है। बाकी 15 चीते अगस्त से ‘बोमास’ (विशेष बाड़े) में हैं।

अब तक चार चीतों को जंगल में छोड़ा जा चुका है, जिससे पर्यटक उनका दीदार कर सकते हैं।

भाषा
श्योपुर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment