MP CM Oath: मोहन यादव ने ली मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ, राजेंद्र शुक्ला और जगदीश देवड़ा बने डिप्टी CM

Last Updated 13 Dec 2023 11:43:02 AM IST

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के परेड ग्राउंड मैदान में सुबह 11.30 बजे मोहन यादव ने सीएम पद की शपथ ली। उनके साथ राजेंद्र शुक्ला और जगदीश देवड़ा को डिप्टी सीएम पद की शपथ दिलाई गई।


मोहन यादव ने ली MP के CM पद की शपथ

मध्य प्रदेश में नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री मोहन यादव और दो उप-मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा व राजेंद्र शुक्ल को राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित भाजपा के तमाम दिग्गज नेता मौजूद रहे।

राजधानी के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। भव्य समारोह में राज्यपाल पटेल ने मोहन यादव को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। उसके बाद उन दस्तावेजों पर दस्तखत किए जो शपथ के बाद उन्हें सौंपे गए।

शपथ लेते ही यादव को राज्यपाल पटेल व प्रधानमंत्री मोदी ने बधाई दी।

 

मुख्यमंत्री यादव ने शपथ लेते हुए मंच पर मौजूद नेताओं और अन्य लोगों के प्रति आभार जताया। वहीं दो उप-मुख्मयंत्री पद की जगदीश देवड़ा व राजेंद्र शुक्ल ने शपथ ली। ये दोनों लोग शिवराज सरकार में मंत्री रहने के साथ बड़ी जिम्मेदारी का निर्वाहन कर चुके हैं।

इस समारोह में हिस्सा लेने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विशेष विमान से भोपाल पहुंचे। उसके बाद हेलीकॉप्टर से मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में बनाए गए हेलीपेड पर पहुंचे।

मोहन यादव को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का करीबी माना जाता है और उन्हें शीर्ष पद के दावेदार के रूप में नहीं देखा जा रहा था। वह अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) समुदाय से आते हैं, जिनकी संख्या राज्य की जनसंख्या में 48 प्रतिशत से अधिक है।

सोमवार को मुख्यमंत्री नामित होने के बाद यादव ने राज्यपाल मंगूभाई पटेल से मुलाकात की और अगली सरकार बनाने का दावा पेश किया।

यादव 2013 में पहली बार उज्जैन दक्षिण सीट से विधायक चुने गए थे। उन्होंने 2018 और फिर 2023 में विधानसभा सीट बरकरार रखी।

पिछले महीने के विधानसभा चुनावों में, भाजपा ने राज्य की 230 विधानसभा सीटों में से 163 सीटें जीती और कांग्रेस को 66 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर धकेल दिया।

 

आईएएनएस/भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment