Congress करती है हिंदू-मुस्लिम की राजनीति : राजनाथ सिंह

Last Updated 14 Nov 2023 07:38:20 PM IST

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर हिंदू-मुस्लिम की राजनीति करने का आरोप लगाया है। मध्य प्रदेश में भाजपा उम्मीदवारों के प्रचार के लिए आए केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कई जनसभाओं को संबोधित किया।


रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। भाजपा जो कहती है, उसका पालन करती है। जम्मू-कश्मीर में धारा-370 समाप्त किया, अयोध्या में श्रीराम का भव्य मंदिर बन रहा और प्रदेश में सरकार बनने के बाद बुजुर्गों को अयोध्या में भगवान श्रीराम के दर्शन के लिए भेजा जाएगा। देश में हिन्दू-मुस्लिम की राजनीति कांग्रेस करती है, भाजपा नहीं करती।

उन्होंने कहा कि हमने देश में तीन तलाक के लिए कानून बनाकर इस कुप्रथा को समाप्त किया। चुनाव आते ही कांग्रेस नारे देती है, वादे करती है और चुनाव जीतने के बाद भूल जाती है।

उन्होंने कहा कि बेटियों को केजी से लेकर पोस्ट ग्रेजुएट होने तक मुफ्त शिक्षा दी जाएगी। कमलनाथ सरकार ने 15 महीनों की सरकार में जनहितैषी योजनाओं को बंद कर दिया, अब यह नहीं होने वाला, क्योंकि, अधिकतर राज्यों में भाजपा की सरकार बन रही है और केंद्र में भी भाजपा की सरकार और अधिक बहुमत के साथ बनने जा रही है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि देश में पिछले साढे नौ वर्षों से भाजपा की सरकार है और यह हम नहीं नीति आयोग कहता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में साढ़े 13 करोड लोग गरीबी रेखा से ऊपर आ गए हैं। आज देश की जनता जागरूक है, आज भारत को कमजोर भारत नहीं माना जाता, पहले अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की बातों को गंभीरता से नहीं सुना जाता था और आज विश्व सुनता है कि भारत क्या बोल रहा है। पहले भारत की जीडीपी विश्व में 11वें स्थान पर थी और आज भारत 5वें स्थान पर आ गया है।

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए सरकार ने अनेक कदम उठाए हैं। राजीव गांधी ने कहा था कि हम 100 रुपये भेजते हैं तो जनता तक 15 रुपये पहुंच पाते हैं और शेष राशि भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाती थी, लेकिन अब ऐसा नहीं होता। पूरा का पूरा पैसा विकास कार्यों में खर्च होता है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्य प्रदेश को बीमारू राज्य की श्रेणी से बाहर निकालने में कामयाबी हासिल की है।

आईएएनएस
रतलाम/सिवनी मालवा/हरदा


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment