मध्य प्रदेश: किसान की आत्महत्या पर शिवराज-कमलनाथ में ट्विटर वार

Last Updated 03 Sep 2020 03:09:56 PM IST

मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में एक किसान द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले ने सियासी रंग ले लिया है।


मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ (फाइल फोटो)

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बीच ट्वीटर वार छिड़ गया है। मुख्यमंत्री चौहान के गृह जिले सीहोर के गुडभैसा गांव में एक किसान बाबू लाल वर्मा (60) ने खेत पर पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या के कारण को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तकरार बढ़ गई है।

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने किसान की आत्महत्या के पीछे फसल की बर्बादी को बताते हुए ट्वीट किया, "मुख्यमंत्री के गृह जिले सीहोर में एक किसान ने फसल खराब होने पर आत्महत्या कर ली। प्रदेश के बड़े हिस्से में पूर्व में ही सोयाबीन की फसल खराब हो चुकी है और अब अतिवर्षा और बाढ़ से भी करीब 15 लाख हेक्टेयर फसल प्रदेश के बाढ़ प्रभावित विभिन्न जिलों में खराब हुई है।"


पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के ट्वीट का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री चौहान ने मृतक किसान के बेटे के बयान के साथ ट्वीट किया है। उन्होंने कहा है, "कमलनाथ जी, आप कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हैं, पूर्व मुख्यमंत्री हैं, नेता प्रतिपक्ष हैं। आपको ऐसी ओछी राजनीति करने से बचना चाहिए। कम से कम अपने पद की गरिमा का ध्यान तो रखिये।"

 


किसान के बेटे ने कहा था कि उसके पिता बीमार रहते थे और उन पर किसी भी तरह का कर्ज नहीं था।

 

आईएएनएस
भोपाल


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment