लॉकडाउन: पुलिस जवान 450 किमी पैदल चलकर पहुंचा ड्यूटी पर

Last Updated 31 Mar 2020 05:11:31 PM IST

सेवा कार्य के प्रति समर्पित होने का मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में एक पुलिस जवान ने अनुकरणीय उदाहरण पेश किया है।


(प्रतीकात्मक तस्वीर)

परिवहन के सारे साधन बंद होने के कारण वह लगभग साढ़े चार सौ किलेामीटर पैदल चलकर अपनी ड्यूटी के लिए थाने पहुंचा।

राजगढ़ जिले में है पचोर थाना, इस थाने में तैनात पुलिस जवान दिग्विजय शर्मा 16 मार्च को स्नातक की परीक्षा देने अपने गृहनगर इटावा (उत्तर प्रदेश) गया था। इसी दौरान कोरोना वायरस के चलते परीक्षाएं निरस्त कर दी गईं। वह 24 मार्च तक अवकाश पर था। लॉकडाउन के कारण परिवहन के सारे साधन बंद होने से उसके लिए राजगढ़ तक आना आसान नहीं था। इस स्थिति में उसने अपनी ड्यूटी पर पहुंचने के लिए पैदल चलने का फैसला किया।

दिग्विजय बताता है कि वह 24 मार्च को इटावा से निकला था और 28 मार्च को अपनी ड्यूटी के लिए थाने पहुंचा है। उसने लगभग 450 किलोमीटर का रास्ता पैदल तय किया। बीच में जरूर कुछ साधन मिल गए।

पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा का कहना है कि दिग्विजय शर्मा ने अपनी ड्यूटी के प्रति कर्तव्य परायणता दिखाई है, और वह दूसरों के लिए आदर्श है। पुलिस जवानों में भी इससे उत्साह है। पुलिस जवान को प्रशंसा पत्र भी दिया गया है।
 

आईएएनएस
राजगढ़


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment