दिग्विजय बोले, भोपाल की आवाज बनने आया हूं

Last Updated 29 Mar 2019 10:36:55 AM IST

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के भोपाल से लोकसभा उम्मीदवार दिग्विजय सिंह ने राजधानी के लोगों से कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री के तौर पर करीब एक दशक समेत लंबा समय यहां की जनता के साथ बिताया और अब एक बार फिर राजधानीवासियों की आवाज बनने उनके बीच आए हैं।




दिग्विजय सिंह (फाइल फोटो)

सिंह ने अपने सिलसिलेवार ट्वीट में कहा कि अपने 40 साल से ज्यादा के राजनीतिक जीवन में उन्होंने मुख्यमंत्री के रूप में एक दशक और कांग्रेस के सिपाही के तौर पर सालों भोपाल की जनता के साथ बिताए हैं। इसके बाद एक बार फिर भोपालवासियों की आवाज बनने के लिए वे कांग्रेस की तरफ़ से आए हैं।

उन्होंने कहा कि वे युवाओं की उम्मीदें पूरी करने, महिलाओं की सुरक्षा और संघर्ष और आमजन की आमदनी दोगुनी करने के वादे के साथ भोपाल में कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि चार महीने की कमलनाथ सरकार ने किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए जो इच्छाशक्ति दिखायी है, उसे लागू कराने के लिए वे प्रतिबद्ध हैं।

सिंह ने कहा कि ये चुनाव बेरोगारी और खुशहाली, नफ़रत और भाईचारे, आपसी वैमनस्य और राष्ट्रीय एकता, जुमलों और असली वायदों के बीच है। उन्होंने स्वयं को भोपाल से प्रत्याशी बनाने पर पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ का आभार व्यक्त किया।

प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने कल अपने सिलसिलेवार ट्वीट में सिंह पर उनके मुख्यमंत्रित्वकाल में प्रदेश का विकास रोकने और कई योजनाओं में रोड़े अटकाने का आरोप लगाया था। इसके बाद सिंह के ये ट्वीट सामने आए हैं।
 

वार्ता
भोपाल


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment