शिवराज से मिले सिंधिया, चर्चाओं का बाजार गर्म
Last Updated 22 Jan 2019 11:32:46 AM IST
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और वरिष्ठ कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया की करीब आधे घंटे की मुलाकात ने प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में एक बार फिर चर्चाएं पैदा कर दी हैं।
शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया (फाइल फोटो) |
दोनों आला नेताओं की कल रात राजधानी भोपाल में मुलाकात हुई। सिंधिया चौहान से मिलने उनके आवास पर पहुंचे, जहां दोनों के बीच करीब आधा घंटे चर्चा हुई।
इस भेंट के बाद सिंधिया ने संवाददाताओं से कहा कि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री के साथ उनकी ये सौजन्य भेंट थी।
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के विकास के लिए सभी को साथ मिलकर चलना है।
सिंधिया ने कहा कि उनके मन में किसी के प्रति कोई कड़वाहट नहीं है। चुनावी मैदान में कशमकश होती है, लेकिन उसके बाद सभी को मिल कर काम करना होता है।
| Tweet |