मप्र : कमलनाथ कैबिनेट में 28 मंत्री शामिल

Last Updated 26 Dec 2018 05:21:56 AM IST

मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मंगलवार को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने 28 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई।


भोपाल में मंगलवार को राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मुख्यमंत्री कमलनाथ से आशीर्वाद लेते कैबिनेट मंत्री हुकुम सिंह कराडा।

इसके पहले कमलनाथ ने मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के 6 दिन बाद 17 दिसंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ अकेले ली थी।
यहां राजभवन में मंगलवार को विधायक विजयलक्ष्मी साधौ, सज्जन सिंह वर्मा, हुकुम सिंह कराड़ा, डॉ. गोविन्द सिंह, बाला बच्चन, आरिफ अकील, बृजेन्द्र सिंह राठौर, प्रदीप जायसवाल, लाखन सिंह यादव, तुलसी सिलावट, गोविन्द सिंह राजपूत, इमरती देवी, ओमकार सिंह मरकाम, डॉ. प्रभु राम चौधरी, प्रियव्रत सिंह एवं सुखदेव पानसे ने मंत्री पद की शपथ ली। इनके अलावा उमंग सिंघार, हर्ष यादव, जयवर्धन सिंह, जीतू पटवारी, कमलेर पटेल, लखन घनघोरिया, महेन्द्र सिंह सिसोदिया, पीसी शर्मा, प्रद्युम्न सिंह तोमर, सचिन यादव, सुरेन्द्र सिंह बघेल एवं तरूण भनोत ने भी मंत्री पद की शपथ ली।

सभी विधायकों ने ¨हदी में पद और गोपनीयता की शपथ ली और सभी कैबिनेट मंत्री हैं। मंत्री बने जयवर्धन सिंह कांग्रेस के दिग्गज नेता एवं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के बेटे हैं और वह मध्य प्रदेश विधानसभा के लिए राघौगढ़ सीट से लगातार दूसरी बार विधायक बने हैं।

मंत्रियों में दो महिलाएं, एक मुस्लिम एवं एक निर्दलीय शामिल हैं। प्रदेश में पिछले 15 साल बाद मुस्लिम समुदाय को आरिफ अकील के रूप में मंत्रिमंडल में जगह मिली है। जिन दो महिला विधायकों को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है, वे विजयलक्ष्मी साधौ (महेर विधानसभा सीट) एवं इमरती देवी (डबरा विधानसभा सीट) हैं।

वहीं कमलनाथ ने वारासिवनी के निर्दलीय विधायक प्रदीप जायसवाल को भी अपने मंत्रिमंडल में जगह दी है। कांग्रेस का टिकट न मिलने पर उन्होंने बागी बन कर चुनाव लड़ा था। जायसवाल को छोड़कर मंत्रिमंडल में शामिल सभी विधायक कांग्रेसी हैं।

भाषा
भोपाल


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment