झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गणतंत्र दिवस पर फहराया तिरंगा

Last Updated 26 Jan 2021 03:41:32 PM IST

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को 72वें गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में दुमका जिले में बड़े ही उत्साह और देशभक्ति के साथ तिरंगे को फहराया।




झारखंड राज्य की राजधानी रांची में राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने भी मोरबाड़ी मैदान में तिरंगा फहराया।

इस खास अवसर पर बात करते हुए सोरेन ने कहा, "राज्य में खेल को बढ़ावा देने के लिए राज्य के सभी 24 जिलों में खेल अधिकारियों की नियुक्ति की गई। राज्य में एक सशक्त सरकार है, जो राज्य के सामाजिक न्याय और विकास के लिए लगन से काम कर रही है।"

मुख्यमंत्री ने आगे कहा, "पिछला एक साल कोविड के चलते हमारे लिए चुनौतीपूर्ण रहा है। हमने महामारी संग लड़ाई की और इसे नियंत्रण करने में भी सफल रहे। महामारी से राज्य की सामाजिक और आर्थिक स्थिति को नुकसान पहुंचा है। हालांकि इसके बावजूद भी राज्य सरकार ने कई नई नीतियों और योजनाओं की शुरुआत की। राज्य ने किसानों के ऋण को माफ करना भी शुरू कर दिया है।"

उन्होंने यह भी कहा, "रोजगार सुनिश्चितता के लिए झारखंड संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा को स्वीकृति दी गई। बेरोजगारों को रोजगार दिलाने के लिए 'मुख्यमंत्री रोजगार सृजन' के तहत अधिकतम 25 लाख रुपये का ऋण प्रदान किया जाएगा।"

आईएएनएस
रांची


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment