कांग्रेस-झामुमो शासन में सीएम की कुर्सी भी बिकती थी

Last Updated 04 Dec 2019 05:57:01 AM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड के विपक्षी गठबंधन पर हमला बोलते हुए कहा कि पांच साल पहले उनके शासन के दौरान राज्य से केवल भ्रष्टाचार एवं लूट की खबरें आती थीं।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए।

प्रधानमंत्री ने यहां एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा एवं कांग्रेस के कई नेताओं के खिलाफ अब भी भ्रष्टाचार के मामले में मुकदमा चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा शासन के दौरान राज्य के मुख्यमंत्री की कुर्सी भी बिकती थी। प्रदेश में पिछले 14 साल में 10 मुख्यमंत्री हुए हैं और ऐसा केवल कांग्रेस और झामुमो के स्वार्थ के कारण हुआ है। उन्होंने कहा कि पहली बार भाजपा ने राज्य को एक ऐसा मुख्यमंत्री दिया जिसने पांच साल तक सरकार चलायी। मोदी ने कहा कि जमशेदपुर श्रम एवं उद्योग की भूमि है और इसने लाखों लोगों के सपनों को साकार किया है और विश्व में भारत की साख बढ़ाई है ।

आदिवासियों को और पट्टे दिए जाएंगे
झारखंड की भाजपा सरकार ने 60 हजार भूमि के पट्टे आदिवासियों और गरीबों को दे दिये हैं और नई सरकार बनते ही 30-40 हजार और शेष पट्टे आदिवासियों को बांटे जाएंगे। कांग्रेस और उसके साथियों से सावधान रहने की जरूरत है, उनका इतिहास आपको पता है, उनके कारनामे आपको याद हैं, उनकी नजर सिर्फ और सिर्फ यहां की प्राकृतिक संपदा पर है और अगर वह आये तो फिर से झारखंड को लूटना यही उनका एजेंडा है। ये लोग सत्ता में वापसी के लिए इतना छटपटा रहे हैं कि आपके बीच झूठ फैला रहे हैं। डर और भ्रम फैला रहे हैं। ये नहीं चाहते कि यहां उद्योग लगे। यहां बजट में बढोतरी हो।

कांग्रेस ने देश को लूटा
मोदी ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने देश को लूटा है जबकि भाजपा की सरकार ने देश को लौटाया है। उन्होंने आरोप लगाया, कांग्रेस और झामुमो सिर्फ छल और स्वार्थ की राजनीति करते हैं जबकि भाजपा अनुच्छेद 370 एवं रामजन्मभूमि जैसे लंबे समय से अटकायी गयी राष्ट्रीय समस्याओं के समाधान के संकल्प के साथ देश की सेवा कर रही है। देश की जनता ने मोदी को कठोर निर्णय लेने के लिए चुना है और वह राजनीतिक गणित नहीं जानते हैं। सिर्फ देश हित में फैसले कर रहे हैं। झारखंड और उसके साथ यह देश भलीभांति जानता है कि कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा की राजनीति छल और स्वार्थ की राजनीति है जबकि भाजपा कर्म और सेवा भाव की राजनीति करती है। धर्म जाति या पंथ के भेद के बिना हम सभी झारखंडवासियों के लिए काम कर रहे हैं।

भाजपा ने नक्सलवाद की कमर तोड़ी
जमशेदपुर से पहले खूंटी में एक जनसभा में मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार ने जिस प्रकार से नक्सलवाद की कमर तोड़ी है, उससे डर का माहौल कम हुआ है। उन्होंने कहा, हालांकि, 30 नवंबर को निराशा में डूबे हुए लोगों ने, ऐसे लोगों ने जिन्हें झारखंड की जनता नकार चुकी है, पहले चरण के मतदान के समय यहां माहौल खराब करने की बहुत कोशिश की। पूरे देश ने ये देखा है। लेकिन, राज्य के लोगों ने इन कोशिशों को नाकाम कर दिया। उन्होंने दावा किया कि पहले चरण के मतदान के बाद तीसरी बात यह स्पष्ट हुई है कि झारखंड के लोगों में भाजपा सरकार के प्रति एक विश्वास की भावना है और वह राज्य में डबल इंजन की सरकार चाहती है। लोगों को पता है कि यहां विकास सिर्फ भाजपा सरकार ही कर सकती है। लोगों ने पिछले पांच वर्षों में केन्द्र और झारखंड में भाजपा की सरकार होने के लाभ देखे हैं।

भाषा
जमशेदपुर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment