वोट बैंक की खातिर अयोध्या विवाद का समाधान नहीं किया : मोदी

Last Updated 25 Nov 2019 01:22:26 PM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस एवं उसकी पूर्ववर्ती सरकारों पर आयोध्या राम जन्मभूमि विवाद को वोट बैंक की खातिर वर्षों लटकाये रखने का आरोप लगाते हुए आज कहा कि यदि कांग्रेस चाहती तो इस विवाद के कारण समाज में दरार नहीं पड़ती।




प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज डालटनगंज में एक चुनावी सभा के सम्बोधित किया

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता मोदी ने यहां पलामू के चियांकी हवाईअड्डा मैदान में भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘कांग्रेस और उसकी पूर्ववर्ती सरकारों ने भगवान राम की जन्मभूमि आयोध्या विवाद को वर्षों तक लटकाये रखा। कांग्रेस चाहती तो इस विवाद का समाधान हो सकता था लेकिन उसने ऐसा नहीं किया। उसने केवल अपने वोट बैंक का ख्याल किया।’’

 मोदी ने कहा कि कांग्रेस की इन्हीं नीतियों की वजह से समाज केवल दरारें पड़ी हैं। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा ने इस विवाद के समाधान का वादा किया था, जिसे पूरा करके दिखाया है। यह हम ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के सपने को पूरा करने के लिए कर रहे हैं। भाजपा केवल संकल्प नहीं लेती बल्कि उसे सिद्ध भी करती है।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में झारखंड की भाजपा सरकार ने नए झारखण्ड के निर्माण के लिए  सामाजिक न्याय के पांच सूत्रों स्थिरता, सुशासन, समृद्धि, सम्मान और सुरक्षा पर काम किया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने झारखंड में भ्रष्टाचार समाप्त करने के लिए दिन-रात काम  किया है और पारदर्शी व्यवस्थाएं बनाई हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने झारखंड के हर समाज के  प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान से जीने का हक दिलाया और उनका गौरव बढ़ाया है।

 मोदी ने लातेहार के चंदवा में नक्सली हमले में शहीद हुए पुलिस के चार जवानों को श्रद्धांजलि देते हुऐ कहा कि वह उनके  परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा  ने झारखंड को नक्सलवाद और अपराध से मुक्ति दिलाने के लिए भयमुक्त वातावरण  तैयार करने प्रयास किया है। झारखंड में नक्सलवाद की समस्या इसलिए भी बेकाबू  हुई क्योंकि यहां राजनीतिक अस्थिरता थी। यहां सरकारें पिछले दरवाजे से  बनती और बिगाड़ी जाती थीं क्योंकि उनके मूल में स्वार्थ और भ्रष्टाचार होता  था।

प्रधानमंत्री ने विपक्षियों पर हमला करते हुए कहा कि इन स्वार्थी लोगों में झारखंड की सेवा  करने की भावना नहीं है। इनके गठबंधन का एकमा  उद्देश्य सत्ताभोग और झारखंड के संसाधनों का दुरुपयोग है इसलिए ये एक बार  फिर आपको भ्रमित कर आपसे वोट मांग रहे हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड में अस्थिरता का लाभ ऐसे  लोगों ने उठाया, जिनकी दुकान हिंसा पर चलती थी। यही उद्योग यहां खूब  फला-फूला। इस स्थिति को काफी हद तक बदलने में केंद्र की और झारखंड की भाजपा  सरकार ने सफलता पाई है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार के ईमानदार प्रयासों से ही आज झारखंड के गांव-गांव में सड़कें और बिजली पहुंच रही है। बदलते हुए हालात में अब यहां रोजगार के नए अवसर तैयार हो रहे हैं। यहां से जो बॉक्साइट निकल रहा है, उसका बड़ा हिस्सा यहीं के विकास में लगे, इसका भी प्रावधान पहली बार भाजपा की सरकार ने ही किया है। विरोधी हताशा में कुछ भी कहें, लेकिन आपके जल, जमीन और जंगल की सुरक्षा और आपके हितों पर भाजपा कोई आंच नहीं आने देगी।

 मोदी ने कहा कि झारखंड के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ कि पांच साल में कोई एक ही मुख्यमंत्री रहा। मुख्यमंत्री रघुवर दास के नेतृत्व में प्रदेश को स्थायी सरकार मिली। स्थिर सरकार में सभी क्षेत्र और वर्गों का विकास हुआ है। आज देश में हर गरीब परिवार को अपना पक्का मकान मिल रहा है, जिन्हें अभी नहीं मिला है उस पर तेजी से काम चल रहा है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2022 में जब आजादी के 75 साल पूरे होंगे तो कोई ऐसा परिवार नहीं होगा जिनके अपने पक्के के मकान न हो।

प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रत्येक गरीब परिवार को आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है। झारखंड के लिए यह गौरव की बात है कि पूरे देश को आयुष्मान बनाने की शुरुआत झारखंड से ही की गई थी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से भी देश के किसान परिवार के बैंक खाते में सीधी मदद पहुंच रही है। लेकिन, झारखंड अकेला ऐसा राज्य है, जहां पांच एकड़ तक जमीन वाले छोटे किसानों को 25 हजार रुपये तक की मदद अतिरिक्त मिल रही है। झारखंड को केंद्र और राज्य की योजनाओं का डबल लाभ मिल रहा है।

मोदी ने कहा कि उनकी सरकार में गरीबों को मुफ्त रसोई गैस कनेक्शन मिला है, जिसका लाभ देश के आठ करोड़ परिवारों को मिला है। साथ ही झारखंड के 33 लाख और पलामू के 50 हजार परिवारों को दूसरा सिलेंडर राज्य सरकार ने मुफ्त दिया है। उन्होंने विपक्षियों पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में विधानसभा का यह चुनाव सिर्फ दलों के बीच का नहीं है, बल्कि झारखंड को लूटने वालों और झारखंड के लोगों की सेवा करने वालों के बीच है। यह चुनाव दो कार्य-संस्कृतियों के बीच का और दो धाराओं के बीच का है।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘भाजपा ने जो भी वादे किए उसे एक के बाद एक जमीन पर उतार रही है। वहीं, कांग्रेस और उसके साथी केवल रेवड़ियां बांटना जानते हैं। उनके पास समस्याएं हैं, हमारे पास समाधान हैं। उनके पास आरोप है, हमारे पास काम की रिपोर्ट है। उत्तर कोयल जलाशय योजना करीब 40 साल से अटकी हुई थी। तब जो सत्ता में थे, उन्होंने परियोजना को पूरा करने के लिए कभी गंभीर कोशिश ही नहीं की। बरसों तक पलामू, लातेहार और गढ़वा के लाखों किसान परेशान रहे लेकिन कांग्रेस और उसके साथी दलों ने उनकी चिंता नहीं की।’’

 मोदी ने कहा कि जब सरकारें बदलती हैं तो क्या हाल होता है उसे जान लीजिए। उत्तर प्रदेश में दूसरे दल की सरकार थी तब केंद्र सरकार गरीबों के लिए आवास बनाने के लिए दबाव डालती थी लेकिन वह सरकार गरीबों की सूची तक नहीं उपलब्ध करा पाई। लेकिन, जैसे ही भाजपा के योगी आदित्यनाथ की सरकार आई तो देश में सबसे अधिक गरीबों के ?लिए घर बने उत्तर प्रदेश में बने हैं। उन्होंने कहा कि किसान की मेहनत, सपने और उसकी गरिमा क्या होती है, यह भाजपा समझती है। कांग्रेस और उसके साथी दलों ने अनुच्छेद 370 का मामला लंबित छोड़ा हुआ था। जम्मू कश्मीर की सुरक्षा के लिए झारखंड के अनेक वीर सपूतों को बलिदान देना पड़ा। इन सब के जिम्मेदार कांग्रेस और उसके सहयोगी दल हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने आदिवासी, पिछड़े, वंचित समाज को झारखंड राज्य दिया था। इसी प्रतिबंद्धता के कारण उन्होंने पहली बार अलग से जनजातीय मांलय बनाया ताकि जंगलों में रहने वाले हर साथी की समस्याओं का समाधान हो सके। इतना ही नहीं अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) आयोग को संवैधानिक दर्जा देने का प्रयास नहीं किया गया। यह तब भी नहीं हुआ जब केंद्र में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की मदद से कांग्रेस की सरकार थी। लेकिन, भाजपा सरकार ने इसे करके दिखाया। उन्होंने कहा कि यह भाजपा की ही सरकार है, जिसने आर्थिक रूप से कमजोर सवर्णों के लिए भी अलग से 10 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की है।

वार्ता
डालटनगंज(झारखंड़)


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment