छत्तीसगढ़ में CM के शपथ ग्रहण से पहले नक्सली हमला, IED ब्लास्ट में एक जवान शहीद

Last Updated 13 Dec 2023 03:41:25 PM IST

छत्तीसगढ़ में सीएम की शपथ से पहले नक्सली हमला हुआ। नक्सलियों ने नारायणपुर में आईडी(IED) ब्लास्ट किया। इस हमले में एक जवान शहीद हो गया।


नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले में नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी बम विस्फोट की चपेट में आने से छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल का एक जवान शहीद हो गया है तथा एक अन्य जवान घायल हो गया है। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

नारायणपुर जिले के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में छोटेडोंगर थाना क्षेत्र के अन्तर्गत अमदई घाटी स्थित लौह अयस्क खदान क्षेत्र में बम विस्फोट के कारण छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के नवमी बटालियन के जवान कमलेश साहू शहीद हो गए तथा आरक्षक विनय कुमार घायल हो गए।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अमदई घाटी क्षेत्र में सुरक्षा बल के जवानों को नक्सल विरोधी अभियान के लिए रवाना किया गया था।


उन्होंने बताया कि नक्सलियों ने विस्फोट किया और जवानों पर गोलीबारी भी की जिसके बाद सुरक्षा बल के जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की।

अधिकारियों ने बताया कि इस हमले में घायल हुए विनय को मामूली चोटें आई हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शहीद जवान कमलेश राज्य के जांजगीर क्षेत्र के रहने वाले थे।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है।

भाषा
नारायणपुर (छत्तीसगढ़)


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment