छत्तीसगढ़: फूड पॉइजनिंग की वजह से 50 बच्चे सहित करीब 100 लोग बीमार

Last Updated 07 Oct 2021 03:41:17 PM IST

छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में दशगात्र के कार्यक्रम में कथित रूप से भोजन करने के बाद लगभग सौ लोग बीमार हो गए हैं। बीमारों में ज्यादातर बच्चे हैं।


महासमुंद जिले के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि जिले के अंशुला गांव में बुधवार को दशगात्र के कार्यक्रम के दौरान कथित रूप से भोजन करने के बाद करीब 100 लोग बीमार हो गए। बीमार हुए 50 बच्चों समेत 60 लोगों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।

महासमुंद के जिलाधिकारी डोमन सिंह ने बताया कि बुधवार शाम को पिथौरा विकासखंड के अंशुला गांव में ग्रामीणों ने दिलीप साहू के घर में दशगात्र (व्यक्ति की मृत्यु के बाद दसवें दिन की रस्म) कार्यक्रम में भोजन किया था। जिले के अधिकारियों ने बताया कि दिलीप साहू शासकीय प्राथमिक विद्यालय, अंसुला के प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात हैं। दशगात्र के कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों के साथ प्राथमिक और माध्यमिक शाला के बच्चों ने भोजन किया था।

अधिकारियों ने बताया कि खाना खाने के दो-तीन घंटे के भीतर महिलाओं और बच्चों समेत करीब 100 लोगों ने बेचैनी और विषाक्त भोजन जैसे लक्षणों की शिकायत की जिसके बाद उन्हें नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया।

अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद कलेक्टर, जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों और स्वास्थ्य अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लेने के लिए अस्पतालों का दौरा किया। साथ ही एक स्वास्थ्य दल को भी गांव भेजा गया है।

उन्होंने बताया कि 42 बच्चों और दो महिलाओं सहित 48 लोगों को पिथौरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तथा 12 अन्य लोगों को साकरा स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। बीमार लोगों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

अधिकारियों ने बताया कि शेष अन्य ग्रामीणों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई है।

उन्होंने बताया कि विषाक्त भोजन के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

यह पूछे जाने पर कि क्या स्कूली बच्चों को आमंत्रित करने पर साहू के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। तब कलेक्टर सिंह ने कहा कि उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) से इस संबंध में विस्तृत रिपोर्ट देने के लिए कहा है।

भाषा
महासमुंद


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment