ज्यादातर एक्जिट पोल के मुताबिक NDA को दीं 300 से ज्यादा सीटें

Last Updated 20 May 2019 12:22:16 AM IST

17वीं लोकसभा के चुनाव के मतदान बाद सर्वेक्षणों में से अधिकतर ने भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की फिर सरकार बनने का अनुमान व्यक्त किया है।


ज्यादातर एक्जिट पोल के मुताबिक NDA को दीं 300 से ज्यादा सीटें

लोकसभा की 543 में से 542 सीटों के लिए हुए मतदान बाद के 15 सर्वेक्षणों में से 12 में राजग के स्पष्ट बहुमत के साथ पुन: सत्ता में आने का अनुमान व्यक्त किया गया है, जबकि कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) को बहुमत से बहुत पीछे दिखाया गया है। इन सर्वेक्षणों में राजग को 231 से 365 सीटें, जबकि संप्रग को 62 से 164 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है। अन्य दलों को 69 से 159 तक सीटें मिलने की अनुमान व्यक्त किया गया है। तीन सर्वेक्षणों में राजग को पूर्ण बहुमत से दूर बताया गया है। अधिकांश सर्वेक्षणों के अनुसार भाजपा 272 का आंकड़ा पार करने में कामयाब नहीं हो पा रही है, हालांकि न्यूज 24- टुडेज चाणक्य में भाजपा को 286 से 314 सीटें तथा कांग्रेस को 46 से 64 सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया है। भाजपा ने इन सर्वेक्षणों पर संतोष जाहिर किया है, तो विपक्ष स्वाभाविक तौर पर इसे खारिज करता दिख रहा है।

इन सर्वेक्षणों में आंध्र प्रदेश, ओडिशा जैसे कुछ राज्यों से चौंकाने वाले परिणाम आते दिखाई दे रहे हैं, जबकि उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार और ओडिशा में अनुमानों में भारी अंतर है। उत्तर प्रदेश में भाजपा को सबसे कम 22 (एबीपी-नील्सन) सीटें से लेकर इंडिया टुडे ने 62 से 68 सीटें और टुडेज चाणक्य ने 65 से 73 सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया है। पश्चिम बंगाल में भी भाजपा को 11 से 26 सीटें तथा ओडिशा में भाजपा को अधिकतम 17 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। कुछ सर्वेक्षणों के मुताबिक केरल में राजग को एक सीट मिलने का अनुमान है।

टाइम्स नाऊ-वीएमआर सर्वेक्षण ने भाजपा और सहयोगी दलों को 306 सीटें, कांग्रेस के नेतृत्व वाले संप्रग को 132 तथा अन्य को 104 सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया है। एबीपी-नीलसन ने राजग को 267 सीटें, संप्रग को 127 सीटें और अन्य को 148 सीटें मिलने की संभावना जताई है। न्यूज 24-चाणक्य सर्वेक्षण में राजग को 340 सीटें, संप्रग को 70 सीटें और अन्य को 133 सीटें दी है। इंडिया टुडे-एक्सिस ने राजग को 339 से 365 सीटें, संप्रग को 77 से 108 सीटें और अन्य को 69 से 95 सीटें का अनुमान जताया है।

रिपब्लिक टीवी-सी वोटर ने अपने सर्वेक्षण में राजग को 287 सीटें, संप्रग को 128 सीटें और अन्य 127 सीटें मिलने का अनुमान लगाया है। न्यूज नेशन ने भाजपा और सहयोगी दलों को 282 से 290 सीटें, कांग्रेस और सहयोगियों को 118 से 126 सीटें और अन्य दलों को 130- 138 सीटें मिलने की संभावना जताई है। न्यूज 18 ने अपने सर्वेक्षण में राजग को 292 से 312 सीटें, संप्रग को 62 से 72 सीटें और अन्य को 102 से 112 सीटें दी है। न्यूज एक्स ने राजग को 242 सीटें, संप्रग को 164 सीटें और अन्य को 137 सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया है।

सीएनएन-आईबीएन ने राजग को 336 सीटें, संप्रग को 82 सीटें और अन्य को 129 सीटें मिलने की संभावना जताई है। इंडिया टीवी ने राजग को 290 से 310 सीटें, यूपीए को 115 से 125 सीटें और अन्य को 107 से 137 सीटें दी है। इंडिया-न्यूज पोलस्टार्ट ने राजग को 298 सीटें, यूपीए को 118 सीटें और अन्य को 127 सीटें मिलने का अनुमान जताया है। इसी प्रकार सुदर्शन न्यूज ने राजग को 313, संप्रग को 121 और अन्य को 109 सीटें दी है। पीस रिसर्च के सर्वेक्षण के अनुसार राजग को 231 सीटें, संप्रग को 152 सीटें और अन्य को 159 सीटें मिल रही है।

एजेंसियां
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment