देश को सशक्त बनाने की कुव्वत सिर्फ कांग्रेस के पास : प्रियंका
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार को केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों पर जोरदार हमला बोला और कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों से किसान कर्ज में डूबता जा रहा है।
![]() कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी (file photo) |
उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस पार्टी में ही देश को सशक्त बनाने की कुव्वत है। प्रियंका ने बुंदेलखंड के राठ में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘वास्तविकता तो यह है कि भाजपा सरकार का किसानों, गरीबों से कोई नाता नहीं है। यह सरकार उद्योगपतियों की सरकार है। इनकी गलत नीतियों से किसान परेशान है और कर्ज में डूब रहा है।’
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा, ‘जनता का अधिकार व हथियार वोट है। जनशक्ति से बढ़कर कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने झूठ की राजनीति की है। प्रधानमंत्री का आधा समय गांधी परिवार के बारे में बात करने में ही जाता है। उन्हें मेरे परिवार के बारे में अनाप शनाप बात करने की सनक है। महोबा में उन्होंने रोड शो कर प्रत्याशी के पक्ष में माहौल बनाया। हमीरपुर के राठ में उन्होंने कहा कि चुनाव में उन मुद्दों पर बात होनी चाहिये जिनसे जनता का विकास हो न कि दूसरे मुद्दों पर।’
महोबा में बुधवार को 42 डिग्री से. तापमान के बीच कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव ने मुख्यालय के परमानंद तिराहे से पान मंडी तक खुली कार में सवार हो रोड-शो कर पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में हवा बनाने का प्रयास किया। इस बीच रास्ते में पड़े गुरुद्वारे में कार से उतर उन्होंने मत्था टेका।
फतेहपुर में प्रियंका गांधी ने कहा कि 2014 के चुनाव में जो लोगों को भारतीय जनता पार्टी ने वचन दिया था क्या वह पूरे किये। न तो खातों में 15 लाख आये न 2 करोड़ नौकरियां मिली और न ही किसानों की उपज ही दोगुनी हुई बल्कि किसानों को दिन-रात अपने खेतों की निगरानी आवारा पशुओं से करनी पड़ रही है। किसानों को जब न्याय योजना से 72 हजार रुपये सालाना देने की बात कांग्रेस करती है तो प्रधानमंत्री पैसा न होने की बात कहते हैं जबकि 550 हजार करोड़ रुपये देश के बड़े पूंजीपतियों का कर्ज ही माफ कर दिया गया। जीएसटी, नोटबंदी ने व्यापार चौपट किया है, रोजगार छीने हैं और देश की तरक्की रुकी है।
| Tweet![]() |