मोदी के खिलाफ प्रियंका के लड़ने पर राहुल का वीटो

Last Updated 25 Apr 2019 01:07:42 AM IST

पंडित जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी के सियासी मूल्यों का हवाला देते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ वाराणसी से चुनाव लड़ने के प्रस्ताव पर वीटो लगा दिया है।


प्रियंका गांधी व राहुल गांधी (फाइल फोटो)

हालांकि प्रियंका प्रधानमंत्री मोदी के कांग्रेस मुक्त नारे से बेहद नाराज हैं और उन्हे वाराणसी में घेरने के लिए बेकरार हैं।
पार्टी के उच्च पदस्थ सूत्रों की मानें तो अब प्रियंका के चुनाव लड़ने का मुद्दा उनकी मां सोनिया गांधी के हाथ में चला गया है। अंतिम फैसला अब मां को लेना है। राहुल गांधी प्रियंका के वाराणसी से चुनाव लड़ने के पक्ष में नहीं हैं। उन्होंने कहा है कि पंडित जवाहरलाल नेहरू से लेकर इंदिरा गांधी तक यह परंपरा रही है कि बड़े विपक्षी नेताओं को जबरन हराने की कोशिश न हो। इसके लिए उन्होंने नेहरू के लोहिया और इंदिरा गांधी के अटल प्रेम का हवाला दिया। राहुल के अनुसार लोकतंत्र तभी मजबूत होता है जब संसद में राजनीतिक दलों के बड़े नेता मौजूद रहते हैं। उन्हें संसद से बाहर रखने से लोकतंत्र की मजबूती का क्षरण होता है।

सूत्रों के अनुसार प्रियंका ने मोदी के विपक्ष को लेकर नकारात्मक रवैये पर नाराजगी जताते हुए कहा कि मोदी लोहिया या अटल नहीं हैं। वह कांग्रेस मुक्त और विपक्ष रहित भारत की बात करते हैं ऐसे में उन्हे कड़ी चुनौती पेश करना जरूरी है। लेकिन राहुल प्रियंका के तर्क से सहमत नहीं हैं और उनकी इच्छा नहीं है कि प्रियंका वाराणसी में मोदी की घेरावंदी करें। गांधी परिवार के नजदीकी सूत्रों की मानें तो राहुल गांधी के वीटो के वाबजूद  प्रियंका के वाराणसी से चुनाव लड़ने की संभावनाएं पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं। अब अंतिम फैसला उनकी मां सोनिया गांधी को लेना है। वैसे प्रियंका अपनी तैयारियों में कोई कमी नहीं छोड़ रही हैं और वाराणसी के सियासी समीकरणों को पूरी तरह दुरुस्त करने में जुटी हुई हैं।

प्रतीक मिश्र/सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment