लोकसभा चुनाव: तीसरे चरण में 15 राज्यों की 116 सीटों पर कल मतदान, कई दिग्गज होंगे मैदान में
लोकसभा के सात चरणों में होने वाले चुनाव के तीसरे चरण के मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए है।
![]() फाइल फोटो |
पंद्रह राज्यों और केंद्र शासित क्षेत्रों की 116 सीटों के लिए कल सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा। इसके साथ ही ओडिशा विधानसभा की 42 सीटों के लिए भी वोट डाले जाएंगे।
इस चरण में 13 राज्यों और दो केन्द्र शासित प्रदेशों के कई दिग्गज नेताओं की चुनावी किस्मत का फैसला होगा। इस चरण में समाजवादी पार्टी (सपा)के संस्थापक मुलायम सिंह यादव, आजम खां, जया प्रदा, शिवपाल सिंह यादव, संतोष गंगवार और वरुण गांधी जैसे दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर है।
लोकसभा चुनाव के इस चरण में जिन सीटों के लिए मतदान होना है, उनमें असम की चार, बिहार की पांच, छत्तीसगढ़ की सात, गुजरात की सभी 26, गोवा की दो, जम्मू कश्मीर की एक, कर्नाटक की 14, केरल की सभी 20, महाराष्ट्र की 14, ओडिशा की छह, उत्तर प्रदेश की 10, पश्चिम बंगाल की पांच, त्रिपुरा, दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव-की एक-एक सीट शामिल हैं। त्रिपुरा पूर्व लोकसभा सीट के लिए मतदान दूसरे चरण में होना था लेकिन सुरक्षा कारणों से उसे स्थगित कर दिया गया था।
जम्मू कश्मीर के अनंतनाग लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए एक हिस्से में कल मतदान होगा। इस सीट का चुनाव तीन चरणों - तीसरे, चौथे और पांचवें चरण में होना है।
महाराष्ट्र में भाजपा, शिवसेना, राकांपा और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने प्रचार अभियान में अपने अपने पार्टी उम्मीदवारों के लिए मतदाताओं का समर्थन मांगा। तीसरे चरण के चुनाव में 249 उम्मीदवारों का भविष्य ईवीएम में कैद होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमदनगर और माढ़ा लोकसभा क्षेत्रों में भाजपा के लिए प्रचार किया, वहीं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी विभिन्न क्षेत्रों में जनसभाओं को संबोधित किया।
तीसरे चरण में उत्तर प्रदेश की कुल 10 लोकसभा सीटों मुरादाबाद, रामपुर, सम्भल, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं, आंवला, बरेली और पीलीभीत के मतदान होगा। पिछले आम चुनाव में इनमें से सात सीटों भारतीय जनता पार्टी की झोली में गयी थी जबकि मैनपुरी, बदायूं और फिरोजाबाद सीटें सपा के खाते में गयी थीं।
बिहार में खगड़िया, मधेपुरा, सुपौल, अररिया और झंझारपुर सीट के लिए मतदान होगा जबकि छत्तीसगढ सरगुजा, रायगढ़, रायपुर, दुर्ग, विलासपुर, कोरबा और जंजगीर-चंपा सीट के लिए मतदान होना है।
ओडिशा की छह लोकसभा सीटों और 42 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव प्रचार कल शाम थम गया था। भाजपा और बीजू जनता दल समेत कई दलों के नेताओं ने सघन प्रचार किया।
मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच भुवनेश्वर, कटक, पुरी, संबलपुर, क्योंझर और ढेंकनाल लोकसभा सीटों और विधानसभा के 42 सीटों पर मतदान होगा। तीसरे चरण में प्रमुख उम्मीदवारों में बीजद के बी महताब, पिनाकी मिश्रा, अरुप पटनायक, भाजपा के संबित पा, प्रकाश चंद्र मिश्रा और अपराजिता सारंगी आदि शामिल हैं।
मोदी, जेटली, शाह, आडवाणी गुजरात में करेंगे मतदान
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और सत्तारूढ़ भाजपा के कई दिग्गज नेता कल तीसरे चरण के दौरान गुजरात में मतदान करेंगे।
मोदी आज देर शाम अहमदाबाद पहुंचेगे और कल सुबह वहां राणिप क्षेत्र में निशान हाई स्कूल स्थित बूथ पर मतदान करेंगे। यह बूथ गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र के तहत आती है जिस पर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ही पार्टी के उम्मीदवार हैं। शाह जो स्वयं भी मोदी की तरह गुजरात के रहने वाले हैं, गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र के तहत आने वाले अहमदाबाद के नाराणपुरा इलाके में सपरिवार मतदान करेंगे।
मोदी की लगभग 90 वर्षीय मां हीराबा, जो उनके छोटे भाई पंकज मोदी के परिवार के साथ गांधीनगर में रहती हैं, रायसण क्षेत्र में एक बूथ पर मतदान करेंगी। वित्त मंत्री अरूण जेटली गांधीनगर क्षेत्र के तहत आने वाले अहमदाबाद के वेजलपुर में एस जी हाई के निकट स्थित चिमनभाई इंस्टीच्यूट में बने बूथ में वोट डालेंगे। पूर्व उपप्रधानमंत्री तथा वयोवृद्ध भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी के अहमदाबाद के खानपुर के हिंदी स्कूल बूथ पर मतदान की संभावना है। यह बूथ अहमदाबाद पश्चिम लोकसभा क्षेत्र के तहत आता है।
मुख्यमंत्री विजय रूपाणी अपने गृहनगर राजकोट में वोट डालेंगे जहां कर्नाटक के राज्यपाल वजुभाई वाला भी मतदान करेंगे। मध्य प्रदेश की राज्यपाल तथा गुजरात की पूर्व मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल घाटलोडिया के शीलज क्षेा के एक बूथ पर मतदान करेंगी। उपमुख्यमंत्री नीतिन पटेल महेसाणा लोकसभा क्षेत्र में कड़ी में मतदान करेंगे।
गुजरात की सभी 26 सीटों पर कल एक साथ मतदान होगा। इन सभी पर पिछली बार भाजपा की जीत हुई थी। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार गुजरात के कुल लगभग साढ़े चार करोड में से 20 हजार से अधिक वीआईपी वोटर हैं।
| Tweet![]() |