AAP का रुख व्यवहारिक नहीं, दिल्ली में अकेले चुनाव लड़ेंगे : कांग्रेस

Last Updated 12 Apr 2019 04:09:02 PM IST

कांग्रेस ने शुक्रवार को कहा कि आम आदमी पार्टी की ओर से गठबंधन के लिए मना किए जाने के बाद वह अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है, हालांकि अगर आप सिर्फ दिल्ली में तालमेल करना चाहती है तो वह आज भी तैयार है।


दिल्ली में अकेले चुनाव लड़ेंगे : कांग्रेस (प्रतिकात्मक फोटो)

पार्टी के दिल्ली प्रभारी पीसी चाको ने यह भी कहा कि जल्द ही दिल्ली की सभी सात सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी जाएगी। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हम सहमति बनाने की कोशिश कर रहे थे। हमारी नीति है कि भाजपा को हराने के लिए अलग-अलग राज्यों में गठबंधन किय जाए। दिल्ली में भी यह सुझाव आया कि आप के साथ गठबंधन किया जाए और वह (कांग्रेस) तैयार भी है।’’      

चाको ने कहा, ‘‘दिल्ली इकाई आप के साथ जाने को लेकर चिंता जताई थी। हालांकि राहुल गांधी ने मुझे जिम्मेदारी दी थी कि मैं अपने नेताओं और आप के साथ बातचीत करूं। संजय सिंह उधर से बात कर रहे थे।’’  

उन्होंने कहा, ‘‘निगम चुनाव में कांग्रेस और आप का कुल वोट 47 प्रतिशत था। हम चाहते थे कि आप चार और कांग्रेस तीन सीटों पर लड़े। इस पर सहमति भी बन गयी थी। लेकिन आप की तरफ से यह बात आई कि हरियाणा और कुछ अन्य राज्यों में गठबंधन के लिए बात हो।’’ उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली की स्थिति और दूसरे राज्यों की स्थिति अलग है। परसों आप की तरफ से बयान आया कि गठबंधन नहीं हो रहा है।’’       

चाको ने कहा, ‘‘आपका रुख व्यवहारिक नहीं है। इसलिये हमने सात सीटों पर उम्मीदवारों के नामों पर विचार किया है। उम्मीदवारों की घोषणा एक दो दिन में कर दी जाएगी।’’ यह पूछने जाने पर क्या अब दिल्ली में गठबंधन की संभावना पूरी तरह खत्म हो गई है तो उन्होंने कहा, ‘‘हम सिर्फ दिल्ली में गठबंधन के लिए तैयार हैं।’’    
 

भाषा
नयी दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment