लोकसभा चुनाव: आज शाम थम जाएगा पहले चरण का चुनाव प्रचार, 11 को मतदान

Last Updated 09 Apr 2019 11:10:52 AM IST

लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए प्रचार का शोर मंगलवार की शाम थम जाएगा। पहले चरण में 11 अप्रैल को उत्तर प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, आंध्र प्रदेश समेत 20 राज्यों की 91 सीटों पर सुबह 7 बजे से मतदान होगा।


प्रतिकात्मक फोटो

चुनाव आयोग द्वारा पहले चरण के मतदान के लिये 18 मार्च को अधिसूचना जारी होने के बाद प्रचार अभियान जोर शोर से शुरु हो गया था। आयोग ने 17वीं लोकसभा के गठन के लिये सात चरण में होने वाले चुनाव का कार्यक्रम दस मार्च को घोषित किया था।      

चुनाव आयोग के अनुसार पहले चरण के लिये आठ अप्रैल तक चुनाव मैदान में कुल उम्मीदवारों की संख्या 1279 है। इस चरण के लिये नामंकन की अंतिम तिथि 25 मार्च और नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 28 मार्च थी।     

आयोग द्वारा अधिसूचना के अनुसार पहले चरण के मतदान वाली 91 सीटों पर सुबह सात बजे मतदान शुरु होगा। इनमें से कुछ सीटों पर शाम चार बजे तक, कुछ पर पांच बजे तक और कुछ सीटों पर छह बजे तक मतदान होगा।      

निर्वाचन नियमों के अनुसार मतदान खत्म होने के समय से 48 घंटे पहले चुनाव प्रचार थम जाता है। इसके मुताबिक जिन सीटों पर शाम चार बजे तक मतदान है, उन सीटों पर मंगलवार शाम चार बजे से प्रचार थम जायेगा। इसी प्रकार पांच और छह बजे तक मतदान वाली सीटों पर आज शाम पांच बजे और छह बजे से प्रचार पर पाबंदी होगी।    

पहले चरण में उत्तर प्रदेश की आठ लोकसभा सीटों (सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद और नोएडा) और बिहार की चार सीटों (औरंगाबाद, गया, नवादा और जमुई) के अलावा आंध्र प्रदेश की सभी 25 और तेलंगाना की सभी 17 सीटों पर मतदान होगा। 

मुख्यनिर्वाचन अधिकारी ए. वेंकटेश्वर लू के मुताबिक, सभी आठ सीटों के लिए 11 अप्रैल को सुबह सात बजे से लेकर शाम छह बजे तक मतदान होगा। इसकी पूरी तैयारी कर ली
गई है। उन्होंने बताया कि पहले चरण के चुनाव के लिए 6,716 मतदान केंद्र और 16,581 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। इन लोकसभा क्षेत्रों में लगभग 1.50 करोड़ मतदाता हैं, इनमें 82.24 लाख पुरुष, 68.39 लाख महिला और 1,014 तृतीय लिंग मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

उत्तर प्रदेश की आठ सीटों पर सुबह सात बजे से शाह छह बजे तक और बिहार की चार सीटों पर सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक मतदान की समय सीमा को देखते हुये उत्तर प्रदेश की आठ सीटों पर मंगलवार शाम छह बजे और बिहार की चार सीटों पर शाम चार बजे चुनाव प्रचार रुक जायेगा। 

बिहार के चार लोकसभा क्षेत्रों गया, नवादा, औरंगाबाद और जमुई में मतदान होना है। इस बीच, प्रचार के अंतिम दिन कांग्रेस के अध्यक्ष राहुल गांधी मंगलवार को गया में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे।

बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एच़ आऱ श्रीनिवास ने मंगलवार को बताया कि प्रथम चरण में कुल 44 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में मतदान को लेकर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। इन क्षेत्रों में कुल मतदाता की संख्या 70,37,966 है, जिनके मताधिकार के प्रयोग के लिए कुल 7,486 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

इस चरण में 70,37,966 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 36,83,885 पुरुष और 33,53,809 महिलाएं हैं जबकि तृतीय लिंग मतदाताओं की संख्या 272 है।

इस बीच, प्रचार के अंतिम दिन कांग्रेस के अध्यक्ष राहुल गांधी महागठबंधन के चुनावी प्रचार के लिए मंगलवार दोपहर बाद गया पहुंचेंगे। महागठबंधन ने गया से हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी को प्रत्याशी बनाया है।

बिहार में लोकसभा चुनाव के सभी सात चरणों में मतदान होना है।
 

 

 

समय लाइव डेस्क/एजेसियां
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment