अमित शाह ने गांधीनगर से दाखिल किया नामांकन, बोले- आडवाणी जी की विरासत को आगे बढ़ाउंगा

Last Updated 30 Mar 2019 09:39:59 AM IST

भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार को गांधीनगर लोकसभा सीट से नामांकन पत्र दाखिल किया। केन्द्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली, गृह मंत्री राजनाथ सिंह, शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे और गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी इस दौरान मौजूद थे।


भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह

भाजपा प्रमुख ने गांधीनगर जिला कलेक्टर और रिटर्निंग अधिकारी एस के लंगा को अपना नामांकन पत्र सौंपा।    

इससे पहले दिन में शाह ने अहमदाबाद में राजग नेताओं के साथ एक रैली को संबोधित किया और एक रोड शो भी किया।

शाह ने कहा कि वह जो कुछ भी है वह पार्टी की ही बदौलत है और अगर उनकी जिंदगी से इसे निकाल दिया जाये तो केवल एक बड़ा शून्य ही बचेगा।

नामांकन से पहले अहमदाबाद में सरदार पटेल चौक पर आयोजित रैली में उन्होंने कहा कि 1982 में एक सामान्य बूथ कार्यकर्ता से आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी का अध्यक्ष भाजपा ने ही उन्हें बनाया है। उन्होंने जो भी सीखा और पाया है वह पार्टी की ही देन है। अगर उनके जीवन से भाजपा को निकाल दियाजाये तो केवल शून्य बचेगा।

उन्होंने कहा कि गांधीनगर सीट पर पी वी मावलकर, आडवाणी और अटल जी जैसे लोग सांसद रहे हैं और उनका सौभाज्ञ कि इसी क्षेत्र से भाजपा ने प्रत्याशी बनाया है। वह देश के सबसे विकसित इस क्षेत्र में आडवाणी जी की विरासत को विनम्रता से आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे। वह इस क्षेत्र के तहत आने वाले विधानसभा क्षेत्र के भी पांच बार विधायक रह चुके हैं।

शाह ने कहा कि वह राज्यसभा के भी सदस्य हैं पर वह राज्यसभा में इसलिए गये क्योंकि तब लोकसभा चुनाव नहीं हो रहा था। वह लोगों के बीच रहने वाले आदमी है और पार्टी ने उन्हें लोकसभा चुनाव के लिए अनुमति दी है।

उन्होंने कहा कि अगला लोकसभा चुनाव एक ही मुद्दे पर लड़ा जायेगा कि इस देश का नेतृत्व कौन करेगा। इस मामले में पूरे देश में एक ही आवाज आती है। मोदी मोदी। पांच साल में यह विश्वास इसलिए बना क्योंकि 70 साल से जनता जिस नेता की राह देख रही थी उसे वह मोदी मे दिखा।

शाह ने कहा कि आज देश का सामने यह सवाल है कि देश को सुरक्षा कौन दे सकता है। ऐसा एक ही व्यक्ति मोदी जी कर सकते हैं। भाजपा और राजग की सरकार कर सकती है। मोदी जी का दोबारा प्रधानमंत्री बनना निश्चित है और वह गुजरात की जनता से अपील करते हैं कि राज्य की सभी 26 सीटें भाजपा की झोली में डाल दे ताकि गुजरात के बेटे को शान से सरकार बनाने का मौका मिले।

भाजपा के सहयोगी दल शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे, शिरोमणि अकाली दल के सुप्रीमो प्रकाश सिंह बादल और लोक जनशक्ति पार्टी के संस्थापक रामविलास पासवान भी शाह के साथ यहां मंच पर मौजूद थे।

शाह ने नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले किया रोड शो

रैली को संबोधित करने के बाद शाह ने यहां एक बड़ा रोड शो किया। चार किलोमीटर लंबे इस रोड शो के दौरान लाखों लोगों ने शाह का अभिनंदन किया।     

राजनाथ सिंह और पीयूष गोयल, विजय रूपाणी, गुजरात के उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल एक खुले वाहन में रोड शो के दौरान शाह के साथ मौजूद थे। यह रोड शो अहमदाबाद के नरानपुरा क्षेत्र में सरदार पटेल की प्रतिमा से शुरू हुई थी।      

भाजपा कार्यकर्ता और लोगों ने सड़क पर निकल कर शाह का अभिनंदन किया। वह पहली बार लोकसभा का चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा का यह एक बड़ा शक्ति प्रदर्शन है। लोकसभा चुनाव में 2014 में भाजपा ने गुजरात की सभी 26 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज की थी।     

रोड शो घाटलोडिया के प्रभात चौक पर समाप्त हुआ। इसके बाद शाह नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए गांधीनगर गए।     

भाजपा के दिग्गज नेता लालकृष्ण आडवाणी 1998 से लगातार इस सीट से चुनाव जीतते आ रहे थे। इस बार शाह इस सीट पर पार्टी के उम्मीदवार हैं।

भाषा/वार्ता
गांधीनगर/अहमदाबाद


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment