Sunita Kejriwal : भाजपा सरकार मेरे पति को जेल में मारना चाहती है

Last Updated 22 Apr 2024 08:39:35 AM IST

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) की पत्नी सुनीता केजरीवाल (Sunita Kejriwal) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा - BJP) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर उनके पति को इंसुलिन नहीं देने का रविवार को आरोप लगाया।


सुनीता केजरीवाल

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा सरकार उन्हें (अरविंद केजरीवाल) मारना चाहती है। उन्होंने कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ भाजपा की ‘तानाशाही’ के खिलाफ लड़ेगा और जीतेगा।

सुनीता ने यहां ‘उलगुलान न्याय’ रैली में कहा, ‘वे मेरे पति अरविंद केजरीवाल को मारना चाहते हैं। उनके भोजन पर कैमरे से निगरानी रखी जा रही है; उन्हें इंसुलिन देने से मना कर दिया गया है। मेरे पति शुगर के मरीज हैं, जो 12 साल से इंसुलिन पर हैं;  उन्हें रोजाना 50 यूनिट इंसुलिन की जरूरत होती है।’ 

उन्होंने दावा किया कि उनके पति को ‘जन सेवा’ का काम करने के लिए जेल में डाल दिया गया और उनके खिलाफ कोई आरोप साबित नहीं किया जा सका है।

उन्होंने कहा, ‘हम तानाशाही के खिलाफ लड़ेंगे और जीतेंगे। जेल के ताले टूटेंगे और अरविंद केजरीवाल तथा हेमंत सोरेन छूटेंगे।’  केजरीवाल को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 21 मार्च को दिल्ली की आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में गिरफ्तार किया था।

रैली में अरविंद, हेमंत के लिए मंच पर खाली रखी गईं कुर्सियां

रांची में ‘इंडिया’ गठबंधन की रैली के दौरान मंच पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के लिए दो कुर्सियां खाली रखी गईं। केजरीवाल और सोरेन अलग-अलग मामलों में जेल में बंद हैं। 

‘उलगुलान न्याय महारैली’ का आयोजन मुख्य रूप से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने किया है। बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता सोरेन का ‘मास्क’ लगाए नजर आए। सोरेन को कथित भूमि धोखाधड़ी से जुड़े धन शोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 31 जनवरी की रात को गिरफ्तार किया था। ईडी ने 21 मार्च को केजरीवाल को दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया था। मंच पर झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष सोरेन और आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख केजरीवाल के लिए कुर्सियां खाली रखी गईं।

भाषा
रांची


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment