Bharat Ratna: चौधरी चरण सिंह समेत 4 शख्सियतों को मरणोपरांत मिला भारत रत्न, राष्ट्रपति मुर्मू ने दिया देश का सर्वोच्च पुरस्कार

Last Updated 30 Mar 2024 12:02:05 PM IST

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शनिवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में इस बार के ‘भारत रत्न सम्मान' प्रदान किए।


 राष्ट्रपति भवन में शनिवार को आयोजित एक समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश की चार महान हस्तियों - बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जननायक कर्पूरी ठाकुर, देश के पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव एवं चौधरी चरण सिंह और देश के प्रसिद्ध कृषि वैज्ञानिक एमएस स्वामीनाथन को भारत रत्न से सम्मानित किया। इन चारों विभूतियों को मरणोपरांत यह सम्मान दिया गया है।

देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री और भाजपा के दिग्गज नेता लालकृष्ण आडवाणी को भी भारत रत्न सम्मान से सम्मानित किया जाना है। लेकिन अस्वस्थ होने के कारण वह शनिवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाए।

बताया जा रहा है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रविवार, 31 मार्च को लालकृष्ण आडवाणी के घर जाकर उन्हें भारत रत्न से सम्मानित करेंगी। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई अन्य महत्वपूर्ण व्यक्ति भी मौजूद रह सकते हैं।

राव, सिंह, ठाकुर और स्वामीनाथन को दिए गए पुरस्कार उनके परिवार के सदस्यों ने लिए।

पूर्व प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव के लिए मुर्मू से यह सम्मान उनके पुत्र पी वी प्रभाकर राव ने स्वीकार किया।

चौधरी चरण सिंह के लिए उनके पोते और राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने राष्ट्रपति से यह सम्मान स्वीकार किया।

स्वामीनाथन की ओर से उनकी बेटी नित्या राव और कर्पूरी ठाकुर की ओर से उनके बेटे रामनाथ ठाकुर ने राष्ट्रपति मुर्मू से यह पुरस्कार लिया।

इस समारोह में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

सरकार ने इस साल राव, सिंह, ठाकुर और स्वामीनाथन के अलावा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिग्गज नेता और पूर्व उप प्रधानमंत्री एल के आडवाणी को भारत रत्न पुरस्कार देने की घोषणा की थी।

भाषा/आईएएनएस
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment