Parliament Monsoon Session: मॉनसून सत्र की हंगामेदार शुरुआत, लोकसभा 2 बजे तक स्थगित

Last Updated 20 Jul 2023 12:31:11 PM IST

संसद के मॉनसून सत्र की शुरुआत हो चुकी है। पहला दिन ही हंगामेदार रहा। दोनों सदनों में जमकर हंगामा हुआ।


इसके बाद लोकसभा 2 बजे तक और राज्यसभा की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित हो गई है।

सुबह 11 बजे लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही पंजाब के जालंधर लोक सभा क्षेत्र से निर्वाचित आप सांसद सुशील कुमार रिंकू ने सदन की सदस्यता की शपथ ली। इसके बाद लोक सभा अध्यक्ष बिरला ने वर्तमान लोक सभा के 2 दिवंगत सांसद - रतन लाल कटारिया और बालूभाऊ उर्फ सुरेश नारायण धानोरकर एवं प्रकाश सिंह बादल, संदीपन थोराट, अतीक अहमद, इलियास आज़मी, अनादि चरण दास और निहाल सिंह सहित 11 पूर्व सांसदों के निधन पर श्रद्धांजलि व्यक्त की।

लोकसभा सांसदों ने खड़े होकर मौन रहकर इन 13 दिवंगत सांसदों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद लोक सभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। हालांकि इस बीच विपक्षी बेंच की तरफ से कई सांसद 'मणिपुर-मणिपुर ' चिल्लाते भी नजर आए।

राज्यसभा की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित

राज्यसभा की कार्यवाही दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि देने के बाद गुरूवार को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

संसद के मॉनसून सत्र के पहले दिन कार्यवाही आरंभ होने पर सभापति जगदीप धनखड़ ने उच्च सदन के मौजूदा सदस्य हरद्वार दुबे और तीन पूर्व सदस्यों दावा लामा, ऊषा मल्होत्रा और एस रामचंद्र रेड्डी के निधन का उल्लेख किया।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के हरद्वार दुबे 74 वर्ष के थे। नवंबर 2020 में उच्च सदन के लिए चुने गए दुबे का इसी साल 26 जून को निधन हो गया था।

धनखड़ ने कहा, ‘‘वह अपना कार्यकाल मुश्किल से आधा ही कर पाए थे।’’ उन्होंने कहा कि दुबे के साथ उनका निजी रिश्ता था।

उन्होंने कहा कि दुबे पर्यावरण संरक्षण को लेकर बेहद सजग थे और वन्यजीवों व प्राकृतिक विरासत की सुरक्षा के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता थी। उन्होंने कहा कि सदन में चर्चा के दौरान उनकी भागीदारी में यह परिलक्षित भी होता था।

सभापति ने कहा, ‘‘हरद्वार दुबे के निधन से देश ने एक योग्य प्रशासक, समर्पित पर्यावरणविद् और प्रतिबद्ध सांसद खो दिया है।’’ उन्होंने तीन पूर्व सदस्यों दावा लामा, ऊषा मल्होत्रा और एस रामचंद्र रेड्डी के निधन का भी उल्लेख किया।

इसके बाद पूरे सदन ने कुछ देर मौन रहकर दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित की। तत्पश्चात धनखड़ ने कहा कि दिवंगत सदस्यों के सम्मान में सदन की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित की जाती है।

संसद के मानसून सत्र का आज पहला दिन है। इस सत्र का समापन 11 अगस्त को प्रस्तावित है। इस दौरान संसद के दोनों सदनों की कुल 17 बैठकें होनी हैं।

संसद की कार्यवाही शुरू होने से पहले पीएम मोदी ने की सोनिया गांधी से बात

संसद के मानसून सत्र के पहले दिन गुरुवार को सुबह 11 बजे लोक सभा की कार्यवाही शुरू होने से 2 मिनट पहले सदन में पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्षी बेंच की तरफ जाकर कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी से बातचीत की।

सदन की कार्यवाही शुरू होने से थोड़ी देर पहले लोक सभा में प्रवेश करते ही सत्तापक्ष के सांसदों ने नारे लगाकर और खड़े होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया। इसके बाद प्रधानमंत्री विपक्षी बेंच की तरफ बढ़े।

विपक्षी सांसदों का अभिवादन करते और उनका अभिवादन स्वीकार करते हुए पीएम मोदी ने सबसे पहले जेडीयू राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के पास रुककर उनसे हाथ मिलाया और बातचीत की।

सोनिया गांधी की बेंच के पास जाकर उन्होंने नमस्कार किया। सोनिया गांधी ने भी खड़े होकर प्रधानमंत्री का अभिवादन करते हुए नमस्कार कहा।

प्रधानमंत्री ने कुछ समय रुककर सोनिया गांधी से बातचीत की और उनका हालचाल पूछा। इसके बाद प्रधानमंत्री लोक सभा में कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी के बेंच के पास पहुंचे। दोनों नेताओं ने एक दूसरे को नमस्कार कर अभिवादन किया।
 

भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment