मणिपुर में महिलाओं की वायरल वीडियो पर कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना, कहा- संसद में जवाब दें प्रधानमंत्री

Last Updated 20 Jul 2023 09:54:23 AM IST

कांग्रेस ने मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर परेड कराए जाने से संबंधित वीडियो को लेकर गुरुवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।


मल्लिकार्जुन खरगे (फाइल फोटो)

कांग्रेस ने गुरूवार को कहा कि आज संसद का मानसून सत्र आरंभ होने के साथ ही विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव एलायंस’ (INDIA) मणिपुर के विषय पर सरकार से जवाब मांगेगा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को खुद इसका जवाब देना चाहिए। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने यह दावा भी किया कि मणिपुर पर प्रधानमंत्री मोदी की 'चुप्पी' को देश कभी माफ नहीं करेगा।

मनीष तिवारी समेत कांग्रेस के कई सांसदों ने मणिपुर के विषय को लेकर संसद के दोनों सदनों में कार्यस्थगन के नोटिस दिए हैं।

मणिपुर में दो महिलाओं को नग्न घुमाने की घटना सामने आने के बाद भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर एक और तंज करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुरुवार को कहा कि केंद्र और भाजपा ने "लोकतंत्र और कानून के शासन को भीड़तंत्र में बदल दिया है।"

खरगे ने ट्वीट किया, "मणिपुर में मानवता खत्म हो गई। मोदी सरकार और भाजपा ने राज्य के नाजुक सामाजिक ताने-बाने को नष्ट करके लोकतंत्र और कानून के शासन को भीड़तंत्र में बदल दिया है।"

उन्होंने कहा, "नरेन्द्र मोदी जी, भारत आपकी चुप्पी को कभी माफ नहीं करेगा। यदि आपकी सरकार में ज़रा भी विवेक या शर्म बची है, तो आपको संसद में मणिपुर के बारे में बोलना चाहिए और केंद्र एवं राज्य दोनों में अपनी दोहरी अक्षमता के लिए दूसरों को दोष दिए बिना देश को बताना चाहिए कि क्या हुआ। आपने अपनी संवैधानिक ज़िम्मेदारी त्याग दी है।’’



कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, "संकट की इस घड़ी में हम मणिपुर के लोगों के साथ खड़े हैं।"

कांग्रेस अध्यक्ष की यह टिप्पणी चार मई की घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आई है, जिसमें मणिपुर में भीड़ द्वारा दो महिलाओं को नग्न अवस्था में घुमाते हुए दिखाया गया है।

इंडिजिनस ट्राइबल लीडर्स फोरम (आईटीएलएफ) के मुताबिक, धान के खेत में महिलाओं के साथ सामूहिक बलात्कार भी किया गया।

यह भयानक घटना पूर्वोत्तर राज्य में व्यापक जातीय हिंसा भड़कने के ठीक एक दिन बाद हुई, जिसमें अब तक सैकड़ों लोग मारे गए हैं और हजारों लोगों को अपने घरों से विस्‍थापित होने के लिए मजबूर होना पड़ा है।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट किया, "मणिपुर में बड़े पैमाने पर जातीय हिंसा भड़के 78 दिन हो गए हैं। उस भयावह घटना को बीते 77 दिन हो गए हैं जिसमें दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाया गया और उनके साथ कथित तौर पर बलात्कार किया गया। अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किए जाने के 63 दिन बाद भी अपराधी अभी तक फरार हैं।’’



उन्होंने दावा किया कि मणिपुर में इंटरनेट सेवा पर प्रतिबंध के कारण शेष भारत को इस बात का जरा भी अंदाज़ा नहीं था कि मणिपुर में इतनी भयानक घटना घटी।

कांग्रेस नेता ने केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी पर कटाक्ष करते हुए कहा, "यह बिल्कुल अक्षम्य है कि महिला एवं बाल विकास मंत्री ने मणिपुर के मुख्यमंत्री से बात करने या बयान जारी करने के लिए 76 दिनों तक इंतजार किया। " उन्होंने सवाल किया, "क्या केंद्र सरकार, गृह मंत्री या प्रधानमंत्री को इस घटना की जानकारी नहीं थी? मोदी सरकार, सब कुछ ठीक है जैसी बातें करना कब बंद करेगी? मणिपुर के मुख्यमंत्री को कब बदला जाएगा ? ऐसी और कितनी घटनाओं को दबाया गया है?"

रमेश ने कहा, " जैसे ही आज से मानसून सत्र शुरू होगा, ' इंडिया' जवाब मांगेगा। चुप्पी तोड़िये प्रधानमंत्री जी!"

मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर परेड कराने का वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। अधिकारियों ने बताया कि यह वीडियो चार मई का है।
 

भाषा/आइएनएस
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment