राहुल गांधी पर कसा तंज, भारत के लोकतंत्र की सफलता कुछ लोगों को कर रही आहत : मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि भारत के लोकतंत्र और इसकी संस्थाओं की सफलता कुछ लोगों को आहत कर रही है। इसलिए वे इस पर हमला कर रहे हैं।
![]() प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी |
उन्होंने जाहिर तौर पर देश में लोकतंत्र की स्थिति की आलोचना करने को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसा है।
मोदी ने ‘इंडिया टुडे कॉन्क्लेव’ में कहा, जब देश भरोसे और संकल्प से भरा है और दुनिया के बुद्धिजीवी भारत को लेकर आशावादी है, तो निराशावाद की बातें, देश को खराब रोशनी में दिखाने और देश के मनोबल को ठेस पहुंचाने की बातें भी होती हैं।
मोदी ने किसी का नाम लिए बिना कहा, जब कोई शुभ कार्य हो रहा होता है, तो काला टीका लगाने की परंपरा है। इसलिए जब इतने सारे शुभ कार्य हो रहे हैं, तो कुछ लोगों ने यह काला टीका लगाने की जिम्मेदारी ले ली है। उनकी टिप्पणी ऐसे वक्त में आई है, जब ब्रिटेन यात्रा के दौरान गांधी की टिप्पणियों को लेकर हंगामा मचा हुआ है और भाजपा उनपर विदेशी धरती पर देश को बदनाम करने और विदेशी दखल का अनुरोध करने का आरोप लगा रही है। मोदी ने कहा, भारत ने दुनिया को दिखा दिया है कि लोकतंत्र नतीजे दे सकता है।
प्रधानमंत्री ने कहा, भारत के लोकतंत्र और उसकी संस्थाओं की सफलता कुछ लोगों को आहत कर रही है। इसलिए वे उस पर हमला कर रहे हैं। मोदी ने कहा, उन्हें विश्वास है कि इस तरह के हमलों के बावजूद देश अपने उद्देश्यों को पूरा करने के लिए आगे बढ़ेगा।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा, पहले घोटाले सुर्खियां बनते थे लेकिन अब अपने खिलाफ कार्रवाई को लेकर ‘भ्रष्टाचारी’ आपस में हाथ मिला रहे हैं, इसकी खबर बन रही है। मोदी ने कहा, दुनिया कह रही है कि यह भारत का समय है।
| Tweet![]() |