अडाणी मुद्दे से ध्यान हटाने के लिए किया सिसोदिया को गिरफ्तार : संजय सिंह
आप के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सोमवार को भाजपा और केंद्र पर निशाना साधा।
![]() आप के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा सांसद संजय सिंह |
उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी ‘भाजपा की तानाशाही के अलावा और कुछ नहीं’ है। सिंह ने कहा कि अडाणी मामले में लोगों का ध्यान भटकाने के लिए यह कार्रवाई की गई है।
सिंह ने कहा कि गरीब बच्चों के कल्याण के लिए जी-तोड़ मेहनत करने वाले नेता को सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया है।
मनीष सिसोदिया के घर पर छापेमारी की गई, लेकिन कुछ नहीं मिला। अडाणी को लेकर मचे हंगामे से जनता का ध्यान भटकाने के लिए ऐसा किया जा रहा है।
संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा उन नेताओं और उनकी पार्टियों को ‘परेशान’ कर रही है, जिन्होंने अडाणी मामले की संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से जांच कराने की मांग की थी।
सीबीआई, सेबी, आयकर विभाग सब खामोश हैं। एक तरफ अडाणी हैं, जो करोड़ों रुपए की हेराफेरी कर रहे हैं और बिना किसी जांच के खुलेआम घूम रहे हैं तथा दूसरी तरफ वे एक ऐसे नेता को गिरफ्तार कर रहे हैं, जो समर्पित रूप से काम कर रहे हैं।
अमेरिका की ‘हिंडनबर्ग रिसर्च’ ने अडाणी समूह की कंपनियों पर शेयर कीमतों में हेराफेरी करने के आरोप लगाए थे। अडाणी समूह ने आरोपों को झूठ बताते हुए खारिज कर दिया है।
सिंह ने दावा किया कि भाजपा आप की उपलब्धियों और लोकप्रियता से ‘ईष्र्या’ करती है। जल्द इस तानाशाही का अंत होगा। उन्होंने कहा कि आप आंदोलन से पैदा हुई है और इसके नेता जेल जाने से नहीं डरते। यह भाजपा की तानाशाही की पराकाष्ठा है।
| Tweet![]() |