मुलायम सिंह यादव, तबला वादक जाकिर हुसैन को पद्म विभूषण, कुल 106 पद्म पुरस्कार : 6 पद्म विभूषण, 9 पद्म भूषण, 91 पद्म श्री

Last Updated 26 Jan 2023 08:08:00 AM IST

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव, संप्रग सरकार में विदेश मंत्री रह चुके एसएम कृष्णा और तबला वादक जाकिर हुसैन सहित छह लोगों को देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण के लिए चुना गया है।


मुलायम, जाकिर हुसैन को पद्म विभूषण

गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई है।

मुलायम सिंह यादव के साथ ही करोड़ों जिंदगियां बचाने वाले डॉक्टर दिलीप महालनाबिस और मशहूर वास्तुकार बालकृष्ण दोशी को मरणोपरांत पद्म विभूषण सम्मान के लिए चुना गया है। अमेरिका स्थित गणितज्ञ श्रीनिवास वर्धन को भी पद्म विभूषण सम्मान के लिए चुना गया है। इस साल देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न के लिए किसी नाम की घोषणा नहीं की गई है।

बयान के अनुसार प्रसिद्ध उद्योगपति कुमार मंगलम बिड़ला, उपन्यासकार एसएल भैरप्पा, कलाकार वाणी जयराम, कलाकार सुमन कल्याणपुर और लेखिका सुधा मूर्ति सहित नौ लोगों को पद्म भूषण के लिए चुना गया है। राकेश झुनझुनवाला (मरणोपरांत), अभिनेत्री रवीना टंडन, मणिपुर भाजपा अध्यक्ष टी चौबा सिंह सहित 91 लोगों को पद्म श्री सम्मान के लिए चुना गया है।
पद्म पुरस्कारों के लिए घोषित नामों में महाराष्ट्र से 12, कर्नाटक और गुजरात से आठ-आठ व्यक्ति शामिल हैं।

राष्ट्रपति द्वारा ये सम्मान औपचारिक समारोहों में प्रदान किए जाते हैं, जिनका आयोजन आमतौर पर हर साल मार्च या अप्रैल में राष्ट्रपति भवन में किया जाता है। राष्ट्रपति ने 2023 के लिए 106 पद्म पुरस्कारों के लिए मंजूरी दी है। पुरस्कार पाने वालों में 19 महिलाएं हैं। सात लोगों को मरणोपरांत इस सम्मान के लिए चुना गया है। पद्म सम्मान देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक हैं और यह तीन श्रेणियों -पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री- में प्रदान किए जाते हैं।

भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment