सोनिया गांधी हुई 76 साल की, खड़गे समेत कांग्रेस नेताओं ने दी जन्मदिन पर बधाई

Last Updated 09 Dec 2022 12:16:17 PM IST

कांग्रेस नेताओं ने सोनिया गांधी को जन्मदिन की बधाई दी। वो 76 वर्ष की हो गईं हैं। वह कांग्रेस की सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाली अध्यक्ष थीं।


कांग्रेस नेताओं ने सोनिया गांधी को जन्मदिन की बधाई दी (फाइल फोटो)

कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी को शुक्रवार को जन्मदिन पर बधाई दी और उनके स्वस्थ जीवन एवं दीर्घायु की कामना की।

मल्लिकार्जुन खड़गे के कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद सोनिया गांधी ने पद से इस्तीफा दे दिया था। सोनिया गांधी जन्मदिन के खास मौके पर खड़गे ने ट्वीट किया, "सीपीपी अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। प्रतिकूल परिस्थितियों में उनकी कृपा, समर्पण, अदम्य भावना और गरिमा ने लाखों लोगों को प्रेरित किया है। मैं उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।"

वहीं पार्टी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा, "दया, बलिदान, समर्पण और साहस का एक अवतार। राष्ट्र और पार्टी के लिए अमिट प्रतिबद्धता वाली एक नेता। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष, आदरणीय श्रीमती सोनिया गांधी जी को जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं।'

उल्लेखनीय है कि सोनिया अपने जन्मदिन पर राजस्थान के सवाई माधोपुर स्थित रणथंभौर में हैं।

मुख्यमंत्री गहलोत ने सोनिया गांधी को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु होने की कामना की।

गहलोत ने ट्वीट किया, ‘‘मैं संप्रग (संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन) अध्यक्ष सोनिया गांधी जी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं और बधाई देता हूं। वह पार्टी के लिए शक्ति का स्रोत रही हैं, लोगों के कल्याण के प्रति उनका समर्पण और प्रतिबद्धता सभी के लिए प्रेरणा है। उनके प्रसन्न, स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना।’’

कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने ट्वीट किया, ‘‘कुशल संगठनकर्ता, संप्रग अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आपके प्रभावशाली मार्गदर्शन में पार्टी नये कीर्तिमान एवं अपार सफलता अर्जित करे। मैं आपके सुदीर्घ एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं।’’

पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने भी सोनिया गांधी को जन्मदिन की बधाई दी।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘देश एवं पार्टी के प्रति आपकी सच्ची निष्ठा एवं समर्पण भाव हम सभी के लिए प्रेरणादायक है। मैं आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं।’’

पार्टी के अनेक पदाधिकारियों एवं मंत्रियों ने भी सोशल मीडिया के जरिए सोनिया को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

उल्लेखनीय है कि सोनिया गांधी, उनके बेटे राहुल गांधी एवं बेटी प्रियंका गांधी बृहस्पतिवार को अलग-अलग जगहों से रणथंभौर पहुंचे। राहुल की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ इस समय राजस्थान के कोटा-बूंदी इलाके में है। यात्रा के तहत शुक्रवार को विश्राम का दिन रखा गया है।

सोनिया गांधी शुक्रवार को 76 साल की हो गईं। वह दो दशक से अधिक समय तक कांग्रेस की अध्यक्ष रहीं। 2004 से 2014 तक कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की सरकार के समय वह इस गठबंधन की अध्यक्ष थीं और राष्ट्रीय सलाहकार परिषद की भी प्रमुख रहीं।

भाषा/आईएएनएस
नई दिल्ली/जयपुर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment